-संवाददाता-
अम्बिकापुर,02 जून 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा महाराज स्व. मदनेश्वर शरण सिंहदेव की 96वीं जयंती के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा राजीव भवन में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा सरगुजा क्षेत्र के विकास में उनके योगदान को याद किया। कार्यक्रम के तहत प्रतीक्षा बस स्टैंड स्थित स्व. मदनेश्वर शरण सिंहदेव एवं स्व. राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंहदेव की युगल प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया गया। इसके बाद माँ महामाया मंदिर में भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि राजपरिवार से संबंध रखने के बावजूद स्व. एम.एस. सिंहदेव ने प्रशासनिक सेवा के माध्यम से जनसेवा को अपना जीवन लक्ष्य बनाया। वर्ष 1954 में उनका चयन भारतीय प्रशासनिक सेवा में हुआ था। उन्होंने कलेक्टर, संभागायुक्त एवं विभिन्न मंत्रालयों में सचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया तथा संयुक्त मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव पद से सेवानिवृत्त हुए। उन्होंने बताया कि स्व. सिंहदेव के प्रशासनिक अनुभव और कार्यकुशलता को देखते हुए सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें मध्यप्रदेश योजना आयोग का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया था। भूमिहीन परिवारों को भूमि अधिकार दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली प्रसिद्ध ‘सिंहदेव योजना’ उनकी ही देन थी। वर्ष 1971 में राजस्व विभाग के सचिव रहते हुए उन्होंने किसानों और भूमिस्वामियों के हित में ऋण पुस्तिका जारी करने की महत्वाकांक्षी योजना का सुझाव तत्कालीन राज्य सरकार को दिया था, जिसे तुरंत लागू किया गया। इस योजना के माध्यम से भूमि अभिलेखों का एकीकरण हुआ और भूमिस्वामियों को बड़ी राहत मिली। आज भी उस समय जारी ऋण पुस्तिकाओं पर उनके हस्ताक्षर उनकी दूरदर्शी सोच की गवाही देते हैं। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री अमरजीत भगत, जे.पी. श्रीवास्तव, डॉ. अजय तिर्की, शफी अहमद, द्वितेंद्र मिश्रा, हेमंत सिन्हा, विनय शर्मा, इंद्रजीत सिंह धंजल, मोहम्मद इस्लाम, रामविनय सिंह, जगन्नाथ कुशवाहा, मधु दीक्षित, सत्येंद्र तिवारी, संजय विश्वकर्मा, दुर्गेश गुप्ता, प्रशांत सिंह ‘चीकू’, सुधांशु गुप्ता, सीमा सोनी, राशिद अहमद, बिज्जू गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur