नई दिल्ली,29 मई 2026। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने इंडियन प्रीमियर लीग के बचे हुए मैचों में खिलाडि़यों,सपोर्ट स्टाफ और मैच अधिकारियों के लिए एक अहम सुरक्षा निर्देश जारी किया है। इस निर्देश के तहत अब रिस्टि्रक्टेड एरिया में स्मार्ट सनग्लासेस के इस्तेमाल या उन्हें पहनकर प्रवेश करने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। एसीएसयू ने शुक्रवार को यह निर्णय जारी किया। बोर्ड ने कहा कि हाल के समय में स्मार्ट आईवियर डिवाइस के उपयोग और प्रचार में तेजी देखी गई है, जिनमें लाइव स्ट्रीमिंग,मैसेजिंग और वीडियो कम्युनिकेशन जैसी तकनीकी सुविधाएं मौजूद होती हैं। इसी कारण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। बीसीसीआई द्वारा बीसीसीआई फ्रेंचाइजियों को भेजे गए एडवाइजरी में स्पष्ट किया गया है कि ये हाई-टेक स्मार्ट सनग्लासेस अब प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की श्रेणी में आते हैं। बोर्ड का मानना है कि ऐसे डिवाइस मैच के दौरान गोपनीयता और सुरक्षा मानकों को प्रभावित कर सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, यह प्रतिबंध खास तौर पर टूर्नामेंट के अंतिम दो मैचों को ध्यान में रखते हुए लागू किया गया है, ताकि किसी भी तरह की अनधिकृत रिकॉर्डिंग या संचार की संभावना को रोका जा सके। बोर्ड ने सभी टीमों को निर्देश दिया है कि खिलाड़ी, सपोर्ट स्टाफ और मैच ऑफिशियल्स किसी भी स्थिति में इन उपकरणों को स्टेडियम के प्रतिबंधित क्षेत्रों में न लाएं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur