, जीती जनता की आवाज
कांग्रेस ने प्रशासन द्वारा मांगें मानने को बताया जनशक्ति और लोकतंत्र की जीत
बलरामपुर,29 मई 2026 (घटती-घटना)। जिला कांग्रेस कमेटी बलरामपुर के उपाध्यक्ष सुनील सिंह ने सूरजपुर जिला प्रशासन द्वारा कांग्रेस कमेटी तथा पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव और कांग्रेस नेता दीपक बैच की मांगों को स्वीकार किए जाने पर जनता को बधाई देते हुए इसे लोकतंत्र और जनसंघर्ष की बड़ी जीत बताया है। जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि यह किसी एक राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि जनता की सामूहिक शक्ति, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनआवाज की ऐतिहासिक विजय है। उन्होंने कहा कि जिस प्रशासन ने शुरुआत में जनभावनाओं को अनसुना करने का प्रयास किया, वही अंततः जनता के दबाव और सत्य की ताकत के सामने झुकने को मजबूर हो गया। सुनील सिंह ने कहा कि यह घटना स्पष्ट संदेश देती है कि सत्ता चाहे कितनी भी अहंकारी क्यों न हो जाए, लोकतंत्र में अंतिम निर्णय जनता की आवाज ही करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ प्रशासनिक अधिकारी राजनीतिक दबाव में आकर निष्पक्षता और संवैधानिक मर्यादाओं को भूल जाते हैं, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का दायित्व जनता के प्रति जवाबदेह रहना है, न कि किसी राजनीतिक दल या सत्ता के इशारों पर कार्य करना। जब प्रशासनिक तंत्र सत्ता की कठपुतली बनने लगता है,तब जनता का विश्वास कमजोर पड़ता है और लोकतंत्र भी प्रभावित होता है। कांग्रेस नेता ने प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों से भावुक अपील करते हुए कहा कि सरकारें आती-जाती रहती हैं, सत्ता स्थायी नहीं होती, लेकिन प्रशासनिक पद की गरिमा,ईमानदारी और जनता का विश्वास हमेशा कायम रहता है। इसलिए अधिकारियों को किसी भी राजनीतिक दबाव, भय अथवा प्रलोभन में आए बिना संविधान और जनहित के अनुरूप कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है — कौन सत्ता के सामने झुक रहा है और कौन सत्य के साथ खड़ा है। सूरजपुर की घटना ने यह साबित कर दिया है कि जब जनता जागती है, तब सत्ता का अहंकार टूट जाता है और प्रशासन को भी जनभावनाओं के आगे झुकना पड़ता है। सुनील सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता की आवाज बनकर अन्याय, दमन और राजनीतिक दबाव के खिलाफ संघर्ष करती रहेगी। लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और जनता की जीत ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur