पुलिस ने चोरी गई स्कूटी बरामद की,आरोपी
पर पहले से दर्ज हैं 7 आपराधिक मामले
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,29 मई 2026 (घटती-घटना)। स्कूटी चोरी के मामले में थाना कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आदतन चोर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी गई एक्टिवा स्कूटी भी बरामद कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। सरगुजा डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देशन में जिले भर में अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस को यह सफलता मिली।
मकान के बाहर से चोरी हुई थी स्कूटी
पुलिस के अनुसार प्रार्थिया प्रीति शुक्ला निवासी मिशन चौक अंबिकापुर ने 29 मई 2026 को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 27 मई की शाम लगभग 7 बजे उन्होंने अपनी एक्टिवा 3जी स्कूटी क्रमांक ष्टत्र 15 ष्टङ्घ 9930 को चोपड़ापारा स्थित आशियाना कंस्ट्रक्शन के सामने गली में खड़ी किया था। रात लगभग 10 बजे तक स्कूटी वहीं खड़ी थी, लेकिन सुबह उठकर देखने पर वाहन गायब मिला। आसपास खोजबीन करने के बावजूद स्कूटी का कोई पता नहीं चला, जिसके बाद अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया।
मुखबिर की सूचना पर आरोपी धराया
मामला दर्ज होने के बाद थाना कोतवाली पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रामेश्वर उर्फ अत्ता दास नामक युवक गुदरी बाजार चौक के पास चोरी की स्कूटी बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने रूनझून तालाब के पास से चोरी गई एक्टिवा स्कूटी बरामद कर जब्त कर ली।
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं 7 मामले
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामेश्वर दास उर्फ अत्ता, पिता सखा दास,उम्र 26 वर्ष, निवासी हर्राटिकरा चाटापारा थाना जयनगर जिला सूरजपुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ थाना कोतवाली अंबिकापुर में पहले से सात आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया,जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
पूरे मामले के खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा,उपनिरीक्षक सीपी तिवारी,प्रधान आरक्षक राजेश चतुर्वेदी,सियाराम मरावी,आरक्षक अमित विश्वकर्मा,विवेक राय तथा थाना मणिपुर से आरक्षक उमाशंकर साहू की भूमिका महत्वपूर्ण रही।
लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाएं
अम्बिकापुर शहर में बीते कुछ समय से दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं में वृद्धि देखी जा रही है। ऐसे में पुलिस की यह कार्रवाई आम लोगों के लिए राहत मानी जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि वाहन खड़ा करते समय सुरक्षा उपायों का विशेष ध्यान रखें और संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को दें।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur