स्कॉर्पियो में पीछे की सीट पर मिली तीन लाश,महिला की बॉडी खेत में पड़ी थी
अजमेर,28 मई 2026। बोराडा थाना क्षेत्र के श्रीरामपुरा गांव में गुरुवार सुबह स्कॉर्पियो में चार जले हुए शव मिलने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि पूर्व सरपंच एवं कांग्रेस नेता रामसिंह चौधरी की पहली पत्नी सुनीता, बेटी और बेटे ने मिलकर चारों की हत्या की और बाद में शवों को स्कॉर्पियो में डालकर आग लगा दी। हत्याकांड में पूर्व सरपंच रामसिंह चौधरी,उनकी दूसरी पत्नी एवं जिला परिषद सदस्य सुरज्ञान देवी, पूर्व सरपंच मां पूसी देवी तथा भांजी महिमा चौधरी की मौत हुई। तीन शव स्कॉर्पियो में मिले, जबकि सुरज्ञान देवी गंभीर हालत में खेत के पास मिलीं, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया,जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अजमेर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि पुलिस ने पहली पत्नी सुनीता को गिरफ्तार कर लिया है,जबकि बेटी और नाबालिग बेटे को डिटेन किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि रामसिंह चौधरी दूसरी शादी के बाद पहली पत्नी और बच्चों को लगातार प्रताडि़त करता था। शराब के नशे में मारपीट और मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर तीनों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार बुधवार रात घर में खेत में काम आने वाले धारदार हथियार से चारों की हत्या की गई। इसके बाद बेटे ने ट्रैक्टर से डीजल निकाला और शवों को स्कॉर्पियो में डालकर घर से करीब 500 मीटर दूर ले जाकर आग लगा दी, ताकि मामला हादसा प्रतीत हो। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब गांव के लोगों को घर में खून के धब्बे और धुला हुआ आंगन संदिग्ध लगा। पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके से खून के निशान, माचिस की डिब्बी और डीजल से जुड़े साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने सुनीता, बेटी और बेटे से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही बोराडा,अरांई सहित कई थानों की पुलिस,एफएसएल टीम,डॉग स्क्वायड और साइबर टीम मौके पर पहुंची। विधायक विकास चौधरी, डेयरी अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी और केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी के पुत्र राजेश चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur