माधव कुंवर यादव सर्वसम्मति से कार्यकारिणी अध्यक्ष मनोनीत
बिलासपुर,26 मई 2026। प्रांतीय छत्तीसगढ़ कोसरिया यादव समाज की महत्वपूर्ण प्रदेश स्तरीय बैठक रविवार 24 मई 2026 को आयोजित की गई। सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चली इस बैठक में प्रदेशभर से समाज के पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष एवं प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए। बैठक का उद्देश्य संगठन को मजबूत करना, सदस्यता अभियान को गति देना तथा समाज को एक मंच पर संगठित करना रहा।
बैठक की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद प्रदेश पदाधिकारियों, विभिन्न जिलों से पहुंचे जिला अध्यक्षों एवं समाज प्रतिनिधियों का फूलमाला और तिलक लगाकर पारंपरिक स्वागत किया गया। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजनों ने संगठन की एकता और सामाजिक समरसता पर बल दिया।
प्रदेश सचिव राजेश कुमार यादव ने संगठन की नियमावली का विस्तृत वाचन करते हुए प्रदेश संगठन से सभी जिलों की संबद्धता को अनिवार्य बताए जाने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि समाज को मजबूत और प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक जिले में सदस्यता अभियान चलाया जाना आवश्यक है। साथ ही यह भी कहा गया कि पूरे प्रदेश में एक ही बैनर तले संगठन संचालित होने से समाज की आवाज और अधिक मजबूत होगी तथा सामाजिक गतिविधियों में एकरूपता आएगी। इस प्रस्ताव पर उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने सहमति व्यक्त की।
बैठक में समाज के संगठनात्मक ढांचे को और सक्रिय बनाने को लेकर भी चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने समाज के युवाओं को जोड़ने, शिक्षा, सामाजिक सहयोग, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं समाजहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने की आवश्यकता बताई। कई जिला प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे सामाजिक कार्यों और चुनौतियों से भी अवगत कराया।
प्रदेश संगठन के सुचारू संचालन को लेकर कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए सर्वसम्मति से श्री माधव कुंवर सिंह यादव को मनोनीत किया गया। उनके नाम की घोषणा होते ही बैठक में मौजूद समाजजनों ने तालियों के साथ स्वागत किया। पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।
नवनियुक्त कार्यकारिणी अध्यक्ष माधव कुंवर यादव ने समाजजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन की एकता ही समाज की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने सभी जिलों के पदाधिकारियों से मिलकर समाजहित में कार्य करने तथा युवाओं को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया।
प्रदेश बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष मन्ना लाल यादव, रविन्द्र यादव, चन्द्रहास यादव, प्रदेश सचिव राजेश कुमार यादव, रुपलाल यादव, प्रदेश संरक्षक किशोर यादव, विश्वनाथ यादव सहित प्रदेश संगठन मंत्री एवं विभिन्न जिलों से आए बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur