Breaking News

नई दिल्ली@भारत संघर्ष की बजाय कूटनीति का समर्थक : जयशंकर

Share

भारत-अमेरिका के बीच संयुक्त प्रेस वार्ता के दौरान रक्षा,सुरक्षा और वैश्विक मुद्दों पर हुई व्यापक चर्चा…
नई दिल्ली,24 मई 2026। भारत ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि वह संघर्ष के बजाय बातचीत और कूटनीति का समर्थक है। भारत सुरक्षित और निर्बाध समुद्री व्यापार, अंतरराष्ट्रीय कानूनों के सम्मान,विश्वसनीय सप्लाई चेन और वैश्विक आर्थिक स्थिरता पर जोर देता है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि भारत संसाधनों और बाजार हिस्सेदारी को हथियार की तरह इस्तेमाल किए जाने के खिलाफ है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर और उनके अमेरिकी समकक्ष मार्को रुबियो के बीच रविवार को प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता हुई। इसमें भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर जोर दिया गया। इसके बाद संयुक्त प्रेस वार्ता में जयशंकर ने कहा कि भारत अपनी 140 अरब की आबादी की ऊर्जा जरूरत के प्रति समर्पित है और विविध स्रोतों से किफायती ईंधन खरीदने का पक्षधर है। साथ ही वैश्विक संघर्षों के बीच रक्षा क्षेत्र सहित विभिन्न क्षेत्रों में ‘मेक इन इंडिया’ की नीति को विशेष महत्व देता है। जयशंकर ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच सहयोग लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि अमेरिकी पक्ष की भारत के साथ वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। दोनों विदेश मंत्रियों के बीच पश्चिम एशिया, पूर्वी एशिया और खाड़ी क्षेत्र की स्थिति पर विचार-विमर्श हुआ है। जयशंकर ने दोनों देशों के बीच जल्द अंतरिम व्यापार समझौते की आवश्यकता पर जोर दिया,जिससे आगे व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते का मार्ग प्रशस्त हो सके। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच न्यूक्लियर सहयोग, दुर्लभ खनिज और एआई क्षेत्र में भी सहयोग की अपार संभावनाएं हैं। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि पिछले एक वर्ष में अमेरिका से भारत के ऊर्जा आयात में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि ऊर्जा सुरक्षा के लिए विविध स्रोत जरूरी हैं और अमेरिका भारत के लिए विश्वसनीय ऊर्जा साझेदार बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच लोगों के आपसी संबंध साझेदारी की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने वैध यात्रियों के लिए वीजा प्रक्रिया आसान बनाए रखने पर जोर दिया। जयशंकर ने आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति दोहराई और 26/11 हमले के प्रमुख साजिशकर्ता के प्रत्यर्पण पर अमेरिका के सहयोग की सराहना की। जयशंकर ने कहा कि भारत अमेरिका, इजराइल,ईरान और खाड़ी देशों के साथ मजबूत संबंध बनाए हुए है।
भारत क्षेत्रीय संबंधों को ‘जीरो-सम’ की दृष्टि से नहीं देखता और सभी साझेदारियों को संतुलित तरीके से आगे बढ़ाना चाहता है। वहीं, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि भारत-अमेरिका संबंधों की गति बरकरार है। भारत अमेरिका का महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदार है और दोनों लोकतांत्रिक देश वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अमेरिका का किसी अन्य देश के साथ संबंध भारत के साथ उसकी रणनीतिक साझेदारी की कीमत पर नहीं है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि भारत उन्नत तकनीकी क्षमताओं वाला महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदार है। दोनों लोकतांत्रिक देश 21वीं सदी की अत्याधुनिक तकनीकों, वैश्विक नवाचार और साझा राष्ट्रीय हितों को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। दिल्ली में अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा कि हॉर्मूज जलडमरूमध्य और ईरान को लेकर जल्द ही कोई शुभ समाचार आने वाला है। खाड़ी क्षेत्र के साझेदार देशों के साथ पिछले 48 घंटों में सकारात्मक प्रगति हुई है। ईरान मुद्दे पर महत्वपूर्ण प्रगति हुई है, हालांकि अंतिम समाधान अभी बाकी है। अमेरिका का उद्देश्य है कि ईरान कभी परमाणु हथियार हासिल न करे। होर्मुज जलडमरूमध्य को अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग बताते हुए अमेरिकी विदेश मंत्री ने व्यावसायिक जहाजों को धमकी देने को अंतरराष्ट्रीय कानून के खिलाफ बताया। मार्को रुबियो ने अमेरिका में भारतीयों के खिलाफ नस्लीय टिप्पणियों को गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि हर देश में कुछ लोग आपत्तिजनक बातें करते हैं, लेकिन अमेरिका एक स्वागत करने वाला देश है, जिसे दुनियाभर से आए लोगों ने समृद्ध बनाया है। रुबियो ने कहा कि जे-1, एफ-1 और एच-1बी वीजा नियमों में बदलाव भारत विशेष नहीं बल्कि वैश्विक स्तर पर लागू सुधार प्रक्रिया का हिस्सा हैं। उन्होंने भारतीय कंपनियों के अमेरिकी अर्थव्यवस्था में 20 अरब डॉलर से अधिक निवेश की सराहना की। रुबियो ने कहा कि अमेरिका अपनी आव्रजन प्रणाली को आधुनिक और अधिक टिकाऊ बनाने की दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने माना कि बदलाव के इस दौर में कुछ अस्थायी कठिनाइयां और व्यवधान सामने आ सकते हैं।
रूबियो बोले…भारत-अमेरिका दुनिया के दो सबसे बड़े लोकतंत्र
यह प्रेस वार्ता दोनों देशों के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत के बाद हुई। बातचीत में रक्षा सहयोग, व्यापार,रणनीतिक तकनीक, ऊर्जा और क्षेत्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। इससे पहले मार्को रुबियो ने भारत-अमेरिका संबंधों को वॉशिंगटन की सबसे महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदारियों में से एक बताया। उन्होंने कहा…कि अमेरिका-भारत दुनिया के दो सबसे बड़े लोकतंत्र हैं। दोनों देशों का रिश्ता सिर्फ क्षेत्रीय नहीं बल्कि वैश्विक महत्व रखता है। वहीं एस जयशंकर ने भारत-अमेरिका रिश्ते को व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी बताया। उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों और मुद्दों पर दोनों देशों के हित एक-दूसरे से मेल खाते हैं। रुबियो इस समय भारत के कई दिनों के दौरे पर हैं। इस दौरान वह क्वाड देशों की विदेश मंत्रियों की बैठक में भी हिस्सा लेंगे। इस समूह में भारत, अमेरिका,जापान और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं।
रूबियो ने भारतीय
समुदाय के लोगों की तारीफ की

रूबियो ने कहा कि अमेरिका आज भी दुनिया के सबसे स्वागत करने वाले देशों में से एक है। उन्होंने कहा, ‘हमारे देश को दुनियाभर से आने वाले लोगों ने मजबूत बनाया है। वे अमेरिका आए, अमेरिकी समाज में शामिल हुए और देश की तरक्की में योगदान दिया। ‘ उन्होंने खास तौर पर भारतीय समुदाय की तारीफ करते हुए कहा कि भारतीय मूल के लोगों ने अमेरिकी अर्थव्यवस्था और समाज में बड़ा योगदान दिया है। भारतीय-अमेरिकी कारोबारी क्षेत्र, टेक्नोलॉजी, चिकित्सा और सार्वजनिक सेवाओं समेत कई अहम क्षेत्रों में बड़ी भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘भारतीयों ने अमेरिकी अर्थव्यवस्था में 20 अरब डॉलर से ज्यादा का योगदान दिया है। हम चाहते हैं कि यह आंकड़ा आगे और बढ़े। ‘ रूबियो ने यह भी कहा कि भारत और अमेरिका का रिश्ता सिर्फ सहयोग तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक रणनीतिक साझेदारी है।
उनके मुताबिक दोनों देश दुनिया के अलग-अलग क्षेत्रों में भी साथ मिलकर काम करने की क्षमता रखते हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब रूबियो से सवाल पूछा गया तब भारतीय विदेश मंत्री जयशंकर हल्का मुस्कुराते नजर आए। हालांकि भारतीय प्रतिनिधिमंडल की ओर से इस मुद्दे पर कोई अलग टिप्पणी नहीं की गई।


Share

Check Also

भोपाल@ट्विशा शर्मा मौत मामला 12 दिन बाद हुआ अंतिम संस्कार,भाई मेजर हर्षित ने दी मुखाग्नि

Share भोपाल,24 मई 2026। अभिनेत्री और मॉडल ट्विशा शर्मा की मौत के 12 दिन बाद …

Leave a Reply