Breaking News

अम्बिकापुर@न्यू बस स्टैंड की व्यवस्थाओं में सुधार तेज,बंद वाटर एटीएम होंगे चालू

Share


महापौर मंजूषा भगत के निर्देश पर जल, सफाई और शौचालय व्यवस्था दुरुस्त करने दो दिन की समय-सीमा

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,23 मई 2026 (घटती-घटना)। न्यू बस स्टैंड में पेयजल,सफाई और सार्वजनिक सुविधाओं को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद नगर निगम प्रशासन हरकत में आ गया है। महापौर श्रीमती मंजूषा भगत के निर्देश पर महापौर परिषद के सदस्य एवं जल प्रदाय विभाग प्रभारी जितेंद्र सोनी तथा सफाई विभाग प्रभारी ममता तिवारी ने शुक्रवार को न्यू बस स्टैंड का निरीक्षण किया और अधिकारियों को दो दिन के भीतर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान बस स्टैंड में बंद पड़े वाटर एटीएम, वाटर कूलर,सफाई व्यवस्था,सार्वजनिक शौचालय और यूरिनल की स्थिति का जायजा लिया गया। अधिकारियों को तत्काल सुधार कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए।
वाटर एटीएम और वाटर कूलर हुए चालू : जल प्रभारी जितेंद्र सोनी ने बताया कि न्यू बस स्टैंड स्थित वाटर एटीएम और वाटर कूलर की मरम्मत कर उन्हें चालू करा दिया गया है। साथ ही पेयजल की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सफाई विभाग द्वारा परिसर में सफाई अभियान भी शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि सार्वजनिक शौचालयों और यूरिनल में बिजली व्यवस्था, सिविल मरम्मत कार्य तथा दुकान संचालकों को व्यवस्थित करने के लिए निगम अधिकारियों और कर्मचारियों को दो दिन का समय दिया गया है।
शहर के अन्य वाटर एटीएम भी होंगे दुरुस्त : जितेंद्र सोनी ने जानकारी दी कि न्यू बस स्टैंड के अलावा गांधीनगर सब्जी बाजार और गुदरी बाजार में स्थापित वाटर एटीएम का भी सुधार और मरम्मत कर उन्हें चालू कराया गया है। उन्होंने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में कुल 8 वाटर एटीएम स्थापित हैं। इनका संचालन और संधारण पांच वर्षों तक चयनित एजेंसी को करना था, लेकिन अपरिहार्य कारणों से एजेंसी द्वारा मेंटेनेंस नहीं किए जाने के कारण अधिकांश उपकरण बंद पड़े थे। अब महापौर मंजूषा भगत और जल प्रदाय विभाग द्वारा आम जनता की सुविधा को देखते हुए सभी बंद वाटर एटीएम को चरणबद्ध तरीके से सुधारने का निर्णय लिया गया है। प्रथम चरण में तीन वाटर एटीएम की मरम्मत के लिए निगम मद से स्वीकृति दी गई है।
दूसरे चरण में कंपनी बाजार, सरगांवा उद्यान (वाटर पार्क), जिला अस्पताल, मैरीन ड्राइव और स्टेडियम ग्राउंड के सामने स्थापित वाटर एटीएम की मरम्मत कर उन्हें पुनः शुरू किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान आकाश गुप्ता, अनिल तिवारी, शैलेंद्र शर्मा, जल एवं विद्युत अधिकारी प्रशांत खुल्लर, सफाई विभाग से शक्ति पांडेय, स्वर्ण मेहता, राजस्व अधिकारी विजय कुजूर, शिवेंद्र बहादुर सिंह सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।


Share

Check Also

कोरिया@स्मार्ट मीटरों में अधिक बिजली खपत की शिकायतों पर नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

Share राजन पाण्डेयकोरिया,07 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने …

Leave a Reply