जनप्रतिनिधि,पुलिस अधिकारी,कलाकार और नागरिक हुए शामिल, ‘यह आकाशवाणी अंबिकापुर है…’ से गूंजा मंच
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,23 मई 2026 (घटती-घटना)।आकाशवाणी के 90 वर्ष पूरे होने पर आकाशवाणी अंबिकापुर ने शहर में भव्य वॉकाथन आयोजित की। इसमें जनप्रतिनिधियों,प्रशासनिक अधिकारियों, कलाकारों,सामाजिक संगठनों,युवाओं और बड़ी संख्या में नागरिकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने रेडियो से जुड़ी पुरानी यादें साझा करते हुए इसे आज भी सबसे भरोसेमंद माध्यम बताया। वॉकाथन को लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज,आईजी सरगुजा दीपक कुमार झा,एसपी राजेश अग्रवाल,भाजपा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया,नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी,पार्षद आलोक दुबे और विजय सोनी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा आकाशवाणी परिसर से शुरू होकर गांधी चौक,संगम चौक,देवीगंज रोड और महामाया चौक होते हुए वापस परिसर पहुंची। पूरे रास्ते प्रतिभागियों ने आकाशवाणी के 90 वर्षों की यात्रा को याद करते हुए नारे लगाए। कार्यक्रम से पहले सहायक निदेशक कार्यक्रम प्रमेन्द्र कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया और वॉकाथन की विशेष टी-शर्ट व कैप भेंट की।
‘मन की बात ने रेडियो को नई ताकत दी : मुख्य अतिथि विधायक प्रबोध मिंज ने कहा कि रेडियो आज भी समाज के हर वर्ग तक पहुंचने वाला सशक्त माध्यम है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि रेडियो संवाद का प्रभावी मंच बना हुआ है। भाजपा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि फुलवारी और युववाणी जैसे कार्यक्रमों से उनका गहरा जुड़ाव रहा है। उन्होंने कहा कि बदलते दौर में भी रेडियो की प्रासंगिकता बनी हुई है।
‘एक समय पूरा देश रेडियो के आसपास जुट जाता था : आईजी दीपक कुमार झा ने कहा कि मोबाइल युग में भी रेडियो सबसे विश्वसनीय सूचना और मनोरंजन का माध्यम है। उन्होंने जयमाला, कृषि जगत और बिनाका गीतमाला जैसे कार्यक्रमों को याद करते हुए कहा कि एक समय ऐसा था जब पूरा परिवार रेडियो के आसपास बैठकर कार्यक्रम सुनता था। उन्होंने अमीन सयानी को याद करते हुए कहा कि रेडियो लोगों को भावनात्मक रूप से जोड़ता है। एसपी राजेश अग्रवाल ने गांव की चौपालों में बैठकर रेडियो सुनने की स्मृतियां साझा कीं। उन्होंने युववाणी और चौपाल जैसे कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि रेडियो ने जीवन में बहुत कुछ सिखाया।
‘यह आकाशवाणी अंबिकापुर है…’ से शुरू किया संबोधन : नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी ने अपने संबोधन की शुरुआत ‘यह आकाशवाणी अंबिकापुर है…’ शैली से की। उन्होंने कहा कि आकाशवाणी ने ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाई है। पार्षद आलोक दुबे ने बताया कि उनके परिवार के सदस्य आकाशवाणी में अधिकारी रहे हैं। उन्होंने ‘भोको दास’ और सरगुजिहा चौपाल जैसे कार्यक्रमों को याद किया।
समाजसेवी कैलाश मिश्रा ने आकाशवाणी अंबिकापुर के पहले स्टेशन डायरेक्टर अमीक हनफी और पुराने कलाकारों के योगदान को याद किया। कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त डीएन कश्यप, पार्षद पपिंदर सिंह, शशिकांत जायसवाल, कांत दुबे, रविशंकर पांडेय, शैलेश कुमार सिंह, डॉ. सीके मिश्रा, डॉ. संदीप शर्मा, डॉ. प्रशांत शर्मा, अमलेंदु मिश्रा, आदित्य नारायण वर्मा, मुकेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। अंत में सहायक निदेशक कार्यक्रम प्रमेन्द्र कुमार ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वतंत्र भारत की पहली सूचना से लेकर देश की कई ऐतिहासिक घटनाओं का साक्षी आकाशवाणी रहा है और 90 वर्षों में उसने प्रसारण की मजबूत परंपरा स्थापित की है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur