विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रभात फेरी एवं नुक्कड़ नाटक का आयोजन
बिलासपुर, दिनांक 18 मई 2026 दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला मुख्यालय बिलासपुर द्वारा ‘विश्व पर्यावरण दिवस’ के उपलक्ष्य में आज दिनांक 18.05.2026 को पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन, यात्रियों एवं रेल कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रातः 07:00 बजे DRM ऑफिस कॉम्प्लेक्स से बिलासपुर रेलवे स्टेशन तक विभिन्न ग्रुपों के स्काउट्स, गाइड्स, रोवर एवं रेंजर द्वारा बैनर एवं पोस्टर्स के साथ एक विशाल प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी के दौरान पर्यावरण संरक्षण से संबंधित प्रेरणादायी नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया। इसके उपरांत प्रातः 07:30 बजे बिलासपुर रेलवे स्टेशन परिसर में महारानी लक्ष्मीबाई ग्रुप एवं वीर आजाद ग्रुप के बच्चों द्वारा जलवायु परिवर्तन (Climate Change) एवं पर्यावरण संरक्षण विषय पर एक प्रभावशाली एवं विचारोत्तेजक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, वृक्षारोपण, प्लास्टिक मुक्त जीवन एवं स्वच्छता के महत्व का संदेश दिया गया। यह कार्यक्रम श्री अनुराग सिंह, जिला आयुक्त स्काउट एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, श्रीमती नेहा सिंह, जिला आयुक्त गाइड तथा श्री दिलीप कुमार स्वाईं, राज्य संगठन आयुक्त स्काउट, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के मार्गदर्शन एवं श्री जी. लोकेश राव सहायक जिला संगठन आयुक्त स्काउट के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में विभिन्न ग्रुपों के यूनिट लीडर्स, स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स एवं रेंजर्स की विशेष भूमिका रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur