Breaking News

तिरुवनंतपुरम@वीडी सतीशन केरलम के सीएम बने

Share


मुख्यमंत्री ने पूरी कैबिनेट के साथ शपथ ली,राहुल-प्रियंका मौजूद रहे…


तिरुवनंतपुरम,18 मई 2026। कांग्रेस नेता वीडी सतीशन सोमवार को केरलम के 13वें मुख्यमंत्री बने। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने उनके अलावा पूरी कैबिनेट (20 मंत्रियों) को शपथ दिलाई। ऐसा 64 साल के बाद हुआ। इससे पहले राज्य के तीसरे कांग्रेसी मुख्यमंत्री रहे आर शंकर ने 1962 में पूरी कैबिनेट के साथ शपथ ली थी, लेकिन 1964 में अविश्वास प्रस्ताव के बाद उनकी सरकार गिर गई थी। कार्यक्रम में राहुल और प्रियंका गांधी के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री पी विजयन, बीजेपी नेता राजीव चंद्रशेखर समेत सभी कांग्रेस शासित राज्यों के सीएम भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कैबिनेट में 14 नए चेहरे…
केरलम की कैबिनेट में 14 विधायकों ने पहली बार मंत्री पद की शपथ ली। इसमें सीपी जॉन और एन शमसुद्दीन,केएम शाजी,पीके बशीर और वीई अब्दुल गफूर,पीसी विष्णुनाथ, रोजी एम जॉन,बिंदु कृष्णा,टी सिद्दीकी,केए थुलसी और ओजे जनीश शामिल हैं। कांग्रेस ने स्पीकर और डिप्टी स्पीकर पद भी अपने पास रखे हैं। तिरुवनचूर राधाकृष्णन को विधानसभा स्पीकर और शनिमोल उस्मान को डिप्टी स्पीकर बनाया गया है। केरलम विधानसभा में विधायकों का शपथ ग्रहण के बाद 22 मई को विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा। राज्यपाल का नीतिगत संबोधन 29 मई को निर्धारित है और राज्य का बजट 5 जून तक पेश किए जाने की संभावना है।
प्रधानमंत्री मोदी, खरगे,राहुल समेत तमाम
नेताओं ने सतीशन को मुख्यमंत्री बनने की बधाई दी…

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत तमाम नेताओं ने सोमवार को केरल के मुख्यमंत्री के रूप में कांग्रेस नेता वीडी सतीशन के शपथ लेने पर बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा कि वह वीडी सतीशन को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई देते हैं। केंद्र सरकार जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने में केरल की नवगठित सरकार को हरसंभव सहयोग देगी। कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने एक्स पर लिखा कि वह वीडी सतीशन और पूरी मंत्रिपरिषद को हार्दिक बधाई देते हैं। कांग्रेस-यूडीएफ के सामूहिक नेतृत्व में केरल वास्तविक प्रगति और भविष्य आधारित विकास की दिशा में आगे बढ़ेगा। गरिमा, न्याय, स्वतंत्रता, समावेशन और सौहार्द उनकी प्रतिबद्धता के प्रमुख आधार हैं। राहुल गांधी ने कहा कि केरल की जनता ने इस सरकार के लिए संघर्ष किया है और जनता की आवाज ही सरकार का मार्गदर्शन करेगी।
सीएम सतीशन ने कैबिनेट
की पहली बैठक की,5 बड़े फैसले

– शपथ ग्रहण के बाद सीएम सतीशन ने कैबिनेट की पहली बैठक की। इस दौरान कई बड़े फैसले किए गए।
– 15 जून से महिलाएं केएसआरटीसी की बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी।
– राज्य के बुज़ुर्गों के लिए एक विशेष विभाग बनाने की घोषणा की गई।
– आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय 3,000 रुपए बढ़ाया गया है।
– 2023 में ‘नव केरल यात्रा’ के दौरान युवा कांग्रेस नेताओं पर हुए हमले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। राज्य की वित्तीय स्थिति और राजकोष पर एक ‘श्वेत पत्र’ जारी किया जाएगा।


Share

Check Also

पालघर@महाराष्ट्र के पालघर में ट्रक-कंटेनर की टक्कर…12 की मौत,25 घायल

Share पालघर,18 मई 2026। महाराष्ट्र के पालघर में मुंबई-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर सोमवार को ट्रक …

Leave a Reply