गंगटोक,16 मई 2026। उपराष्ट्रपति सीसी राधाकृष्णन ने गंगटोक में आयोजित सिक्किम के 51 वें राज्य स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सिक्किम प्रकृति,संस्कृति और विकास के बीच सामंजस्य का शानदार उदाहरण है। उन्होंने राज्य की उपलब्धियों की सराहना करते हुए सिक्किम को देश का ‘प्रहरी’ बताया। मानन केंद्र में आयोजित समारोह में राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर, केंद्रीय संचारएवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया तथा लोकसभा सांसद इंद्रा हैंग सुब्बा समेत कई गणमान्य मौजूद रहे। मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने सभी का स्वागत और अभिनंदन किया। खराब मौसम के बावजूद उपराष्ट्रपति का सिक्किम का पहला सड़क मार्ग दौरा और समारोह में उनकी मौजूदगी इस आयोजन को विशेष और ऐतिहासिक बना गई। इस दौरान राज्य के विकास और समृद्ध भविष्य से जुड़ी कई परिवर्तनकारी परियोजनाओं का वर्चुअल उद्घाटन भी किया गया। इस मौके पर उपराष्ट्रपति ने कहा कि छात्र जीवन के दौरान वर्ष 1971 में जब उन्होंने सिक्किम के भारत में विलय की खबर पढ़ी थी,तब उन्हें बेहद गर्व महसूस हुआ था। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा की दृष्टि से यह कदम अत्यंत महत्वपूर्ण था। उन्होंने सिक्किम की पहचान ‘हरा, जैविक, साफ और सुथरा राज्य’ के रूप में करते हुए कहा कि जैविक खेती केवल कृषि सुधार नहीं, बल्कि एक सांस्कृतिक क्रांति है। उन्होंने कहा कि सिक्किम ने पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के क्षेत्र में पूरे देश के सामने एक आदर्श प्रस्तुत किया है। उपराष्ट्रपति ने यह भी आश्वासन दिया कि अगले वर्ष तक सिक्किम रेल नेटवर्क से जुड़ जाएगा। इससे राज्य के जैविक उत्पादों को देशभर के बाजारों तक पहुंचने में मदद मिलेगी और किसानों की आय में वृद्धि होगी। समारोह में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने नेपाली भाषा में अपना संबोधन देकर लोगों का दिल जीत लिया। उनके नेपाली में दिए गए भाषण को उपस्थित लोगों ने गर्मजोशी से सराहा। स्थानीय संस्कृति और भाषा के प्रति उनके सम्मान ने समारोह में मौजूद लोगों को विशेष रूप से प्रभावित किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया सिक्किम दौरे का भी उल्लेख किया गया। प्रधानमंत्री ने स्वर्ण जयंती समारोह के दौरान सिक्किम को ‘पूरब का स्वर्ग’ बताते हुए राज्य की सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण की पहलों की सराहना की थी। कार्यक्रम में ‘विकसित भारत 2047’ के विजन का उल्लेख करते हुए कहा गया कि सिक्किम के लोग ‘टीम सिक्किम’ की भावना के साथ एक समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं।