शाह बोले…नशा मुक्त भारत के संकल्प की बड़ी सफलता
नई दिल्ली,16 मई 2026। स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने ‘ऑपरेशन रेजपिल’ के तहत एक बड़े अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 227.7 किलोग्राम कैप्टागॉन की गोलियां और चूर्ण जब्त किया है। जब्त किये गए मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 182 करोड़ रुपये बताई गई है। मामले में सीरिया के एक नागरिक को गिरफ्तार किया गया है,जो वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी अवैध रूप से भारत में रह रहा था। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर इस कार्रवाई के लिए एनसीबी की टीम को बधाई देते हुए कहा कि ‘ऑपरेशन रेजपिल’ के माध्यम से भारत में पहली बार कैप्टागॉन नामक मादक पदार्थ की जब्ती की गई है। मोदी सरकार ‘नशामुक्त भारत’ के संकल्प के प्रति प्रतिबद्ध है और भारत को मादक पदार्थों के पारगमन मार्ग के रूप में इस्तेमाल नहीं होने दिया जाएगा। गृह मंत्रालयद्य ने बताया कि विदेशी मादक पदार्थ निरोधक एजेंसी से मिली सूचना के आधार पर एनसीबी ने 11 मई को दक्षिणी दिल्ली के नेब सराय क्षेत्र में एक मकान पर छापा मारा। वहां से करीब 31.5 किलोग्राम कैप्टागॉन गोलियां बरामद की गईं,जिन्हें एक व्यावसायिक चपाती काटने वाली मशीन में छिपाया गया था। प्रारंभिक जांच में पता चला कि यह खेप सऊदी अरब के जेद्दा भेजी जानी थी। जांच में सामने आया कि गिरफ्तार सीरियाई नागरिक 15 नवंबर 2024 को पर्यटक वीजा पर भारत आया था लेकिन उसका वीजा 12 जनवरी 2025 को समाप्त हो गया था। इसके बावजूद वह अवैध रूप से भारत में रह रहा था और उसी मकान को किराये पर लेकर तस्करी गतिविधियों में शामिल था। पूछताछ के बाद एनसीबी ने 14 मई को गुजरात के मुंद्रा स्थित कंटेनर सुविधा केंद्र में एक अन्य कार्रवाई करते हुए 196.2 किलोग्राम कैप्टागॉन चूर्ण बरामद किया। यह कंटेनर सीरिया से भेजा गया था और उसमें भेड़ की ऊन घोषित माल के रूप में दर्ज थी। तलाशी के दौरान तीन बैगों में छिपाकर रखा गया मादक पदार्थ बरामद हुआ। उल्लेखनीय है कि कैप्टागन एक सिंथेटिक उत्तेजक दवा है, जिसका असली नाम फेनेथिलीन है। इसे 1960 के दशक में ध्यान संबंधी विकार और नार्कोलेप्सी जैसी बीमारियों के इलाज के लिए विकसित किया गया था। बाद में इसकी लत लगाने वाली प्रवृत्ति और दुरुपयोग की आशंका के कारण इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिबंधित कर दिया गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur