बीजेपी विधायक दल के नेता चुने गए,सरकार बनाने का पेश किया दावा
गुवाहाटी,10 मई 2026। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा लगातार दूसरी बार राज्य की कमान संभालने जा रहे हैं। असम की राजनीति में अपनी रणनीतिक कुशलता और विकासवादी छवि के लिए मशहूर सरमा 12 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने रविवार (10 मई) को ऐलान किया कि हिमंता बिस्वा सरमा को असम में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की अगुवाई वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के विधायक दल का नेता सर्वसम्मति से चुन लिया गया है। इससे उनके लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है। असम में लगातार तीसरी बार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार बनेगी। बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकार पहली बार 2016 में सत्ता में आई थी, जिसकी बागडोर सर्वानंद सोनोवाल के हाथ में थी। नड्डा ने कहा कि निवर्तमान सरकार के मंत्रियों रंजीत कुमार दास, अजंता नेओग, अशोक सिंघल और पीयूष हजारिका समेत बीजेपी के आठ विधायकों ने शर्मा के नाम पर प्रस्ताव रखा। गठबंधन के सहयोगी दलों असम गण परिषद और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट ने भी उनके नाम का समर्थन किया। इससे पहले रविवार सुबह बीजेपी विधायक दल की बैठक हुई, जिसमें बाद में गठबंधन के सहयोगी दल भी शामिल हो गए। बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर नड्डा और सह-पर्यवेक्षक हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी उपस्थित रहे। गठबंधन नेता चुने जाने के बाद सरमा ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन विधायकों को संबोधित करते हुए पिछले महीने हुए चुनाव में मिले जनादेश के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए राज्यपाल से मिलेंगे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur