शुवेंदु अधिकारी संग पांच मंत्रियों ने ली शपथ

कोलकाता,09 मई 2026। सुवेंदु अधिकारी शनिवार को पश्चिम बंगाल में बीजेपी के पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं। सुवेंदु ने बांग्ला में ईश्वर के नाम की शपथ ली। शपथ के बाद सुवेंदु, पीएम के पास गए और उन्हें झुककर प्रणाम किया। बंगाल के गवर्नर आरएन रवि ने सुवेंदु के अलावा 5 और विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई। इनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया,क्षुदीराम टूडू और निषिथ प्रमाणिक शामिल रहे। शपथ में पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, एनडीए और बीजेपी शासित राज्यों के 20 मुख्यमंत्री मौजूद रहे। कार्यक्रम में सबसे पहले मोदी ने मंच पर रवींद्रनाथ टैगोर को उनकी जयंती पर श्रद्धाजंलि दी। इस दौरान पीएम ने भाजपा के 98 साल के कार्यकर्ता माखनलाल सरकार का सम्मान किया। मंच पर आते ही प्रधानमंत्री सीधे सरकार के पास गए, उन्हें शॉल ओढ़ाया और फिर उनके पैर छुए।
सुवेंदु के पिता बोले…आज आम लोगों को भी जीत मिली
जैसे ही सुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली, उनके पिता शिशिर कुमार अधिकारी ने कहा, ‘हमने नंदीग्राम की लड़ाई लड़ी और उस संघर्ष की अगुआई सुवेंदु ने की थी। बार-बार,अलग-अलग तरीकों से उन्हें पीछे धकेलने की कोशिशें की गईं,लेकिन आज आम लोगों को भी जीत मिली है। यह सिर्फ नंदीग्राम की बात नहीं है,आज कोलकाता और पूरे पश्चिम बंगाल की संस्कृति और भावना को पहचान मिली है। ‘
पश्चिम बंगाल अब विकास,सुरक्षा,समृद्धि के नए दौर की ओर अग्रसर : नितिन नवीन
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर सुवेंदु अधिकारी को सफल कार्यकाल की बधाई दी। उन्होंने कहा कि ‘डबल इंजन सरकार’ की शक्ति के साथ पश्चिम बंगाल अब विकास, सुरक्षा और समृद्धि के नए दौर की ओर अग्रसर है तथा ‘सोनार बांग्ला’ के साझा संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। नितिन नवीन ने एक्स पर साझा किए बधाई संदेश में कहा कि पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने पर सुवेंदु अधिकारी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
सुवेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए विष्णुदेव साय,बोले…‘सोनार बांग्ला’ का सपना होगा सच

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज कोलकाता में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए, जहाँ उन्होंने पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले सुवेंदु अधिकारी को ऐतिहासिक जीत की बधाई दी। इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने बंगाल में सत्ता परिवर्तन को जनसंकल्प की जीत बताते हुए नए मंत्रिपरिषद के सफल कार्यकाल की कामना की। यह दौरा छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल के बीच राजनैतिक और प्रशासनिक समन्वय को मजबूत करेगा। ‘डबल इंजन’ की सरकार बनने से दोनों राज्यों के बीच विकास योजनाओं और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को नई गति मिलने की संभावना है, जिसका सीधा लाभ वहां रह रहे छत्तीसगढ़ी प्रवासियों को भी मिलेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कोलकाता पहुँचकर सुवेंदु अधिकारी से शिष्टाचार भेंट की और उन्हें फूलों का गुलदस्ता भेंट कर शुभकामनाएं दीं। श्री साय ने कहा कि यह जनादेश केवल सरकार बदलने का नहीं है, बल्कि बंगाल में सुशासन, पारदर्शिता और नई कार्यसंस्कृति की स्थापना का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अब बंगाल विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा। साय ने जोर देकर कहा कि नई सरकार के आने से बंगाल के युवाओं को रोजगार, किसानों को समृद्धि और मातृशक्ति को सुरक्षित वातावरण प्राप्त होगा। उन्होंने ‘सोनार बांग्ला’ की अवधारणा को साकार करने की दिशा में इस शपथ ग्रहण को एक निर्णायक कदम बताया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur