कलबुर्गी,30 अप्रैल 2026। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि तमिलनाडु और केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाला इंडी गठबंधन जीत हासिल करेगा। असम में हमें कम सीटें मिलने का अनुमान एग्जिट पोल में जताया गया है, लेकिन हम उससे ज्यादा सीटें जीतेंगे। कांग्रेस नेता खरगे यहां कलबुर्गी में पांच राज्यों चुनाव के नतीजों को लेकर मीडिया से बातचीत कर रहे थे। पश्चिम बंगाल की राजनीतिक स्थिति पर टिप्पणी करते हुए खरगे ने कहा कि वहां तृणमूल कांग्रेस के आगे रहने की संभावना है। एनडीए दलों ने टीएमसी को कड़ी टक्कर दी है, जबकि कांग्रेस इस बार अकेले चुनाव मैदान में उतरी थी। उन्होंने कहा कि भाजपा और टीएमसी दोनों ही जीत का दावा कर रही हैं। दो दिन इंतजार कर लें, उसके बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। पूर्ण नतीजे आने के बाद पश्चिम बंगाल में टीएमसी को समर्थन देने पर चर्चा करेंगे। कर्नाटक की राजनीति में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों से जुड़े सवाल पर खरगे ने कहा कि इस मुद्दे को जल्द ही सुलझा लिया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कुछ लोग मुझे मुख्यमंत्री बनाने की बात कर रहे हैं, यह उनका व्यक्तिगत विचार है, लेकिन पार्टी के फैसले हाईकमान लेता है। हम विचारधारा के आधार पर काम करते हैं। खरगे ने यह भी कहा कि पार्टी के निर्णयों में सोनिया गांधी की भूमिका अहम रहती है और जरूरत पड़ने पर राहुल गांधी से भी चर्चा की जाती है। उन्होंने कहा कि फिलहाल राज्य में मुख्यमंत्री हैं, इसलिए नेतृत्व परिवर्तन का कोई सवाल नहीं है। भविष्य में ऐसी स्थिति आती है तो सभी मिलकर निर्णय लेंगे। अभी समय है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur