Breaking News

नई दिल्ली@भारत-वियतनाम साथ चलेंगे,साथ बढ़ेंगे,साथ जीतेंगे : पीएम मोदी

Share


भारत और वियतनाम ने 13 समझौतों पर किए हस्ताक्षर….
नई दिल्ली,06 मई 2026। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कहा कि भारत और वियतनाम के संबंध अब बेहतर व्यापक रणनीतिक साझेदारी के नए चरण में प्रवेश कर रहे हैं और दोनों देश मिलकर विकास और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ेंगे। उन्होंने जोर देते हुए कहा,‘हम साथ चलेंगे, साथ बढ़ेंगे, और साथ जीतेंगे। ‘ भारत और वियतनाम ने 13 समझौतों पर हस्ताक्षर किए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम के बीच बुधवार को हुई उच्चस्तरीय वार्ता के बाद भारत और वियतनाम ने अपने संबंधों को बेहतर व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाने की घोषणा की। दोनों देशों ने व्यापार, रक्षा, कनेक्टिविटी और रणनीतिक सहयोग को नई गति देने का संकल्प संकल्प भी लिया। प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त पत्रकार वार्ता में कहा कि राष्ट्रपति तो लाम का भारत दौरा दोनों देशों के बीच मजबूत होते संबंधों और आपसी प्राथमिकता को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि यह साझेदारी अब और ऊंचे लक्ष्यों की ओर अग्रसर होगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत-वियतनाम के बीच व्यापार पिछले दशक में दोगुना होकर 16 अरब डॉलर तक पहुंच गया है। अब दोनों देशों ने इसे 2030 तक 25 अरब डॉलर तक ले जाने का लक्ष्य तय किया है। दवाओं, कृषि, मत्स्य और पशु उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए कई समझौतों पर सहमति बनी है। बहुत जल्द, वियतनाम भारत के अंगूर और अनार का और हम वियतनाम के डूरियन और पोमेलो का स्वाद लेंगे। दोनों देशों ने वित्तीय सहयोग बढ़ाने के तहत भारत के यूपीआई और वियतनाम के फास्ट पेमेंट सिस्टम को जोड़ने पर सहमति जताई। साथ ही एयर कनेक्टिविटी, स्टेट-टू-स्टेट और सिटी-टू- सिटी सहयोग को भी बढ़ाया जाएगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि वियतनाम भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी और विजन महासागर का एक मुख्य स्तंभ है। दोनों देशों ने इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में शांति, स्थिरता और नियम-आधारित व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए रक्षा और सुरक्षा सहयोग मजबूत करने पर जोर दिया।
दोनों देशों के बीच समझौतों पर हस्ताक्षर
– आईआरईएल लिमिटेड और वियतनाम के इंस्टीट्यूट फॉर टेक्नोलॉजी ऑफ रेडियोएक्टिव एंड रेयर एलिमेंट्स के बीच आपसी सहयोग पर समझौता।
– भारत के संस्कृति मंत्रालय और वियतनाम के संस्कृति, खेल और पर्यटन मंत्रालय के बीच 2026-30 के लिए सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम।
– भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) और वियतनाम के स्टेट बैंक (एसबीवी) के बीच भुगतान प्रणालियों और डिजिटल भुगतान में नवाचार के क्षेत्र में सहयोग पर समझौता।
– भारत के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन और वियतनाम के स्वास्थ्य मंत्रालय के तहत औषधि प्रशासन के बीच चिकित्सा उत्पाद विनियमन के क्षेत्र में सहयोग पर समझौता।
– मुंबई के बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) और हो ची मिन्ह सिटी पीपल्स कमेटी के बीच मित्रता और सहयोग बढ़ाने पर समझौता।
– आईसीसीआर और यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड एजुकेशन (दा नांग विश्वविद्यालय) के बीच ‘आईसीसीआर चेयर ऑफ इंडिया स्टडीज’ की स्थापना पर समझौता।
– राजगीर स्थित नालंदा विश्वविद्यालय और हनोई स्थित हो ची मिन्ह नेशनल एकेडमी ऑफ पॉलिटिक्स (एचसीएमए) के बीच समझौता।
– एनपीसीआई इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड (एनआईपीएल) और वियतनाम के नेशनल पेमेंट कॉरपोरेशन (एनएपीएएस) के बीच समझौता
भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) कार्यालय और वियतनाम के राज्य लेखा परीक्षा कार्यालय के बीच सार्वजनिक क्षेत्र की लेखा परीक्षा के क्षेत्र में समझौता।
भारत के पर्यटन मंत्रालय और वियतनाम के खेल, संस्कृति और पर्यटन मंत्रालय के बीच पर्यटन के क्षेत्र में सहयोग पर समझौता।
आईसीसीआर और यूनिवर्सिटी ऑफ सोशल साइंसेज एंड ह्यूमैनिटीज के बीच ‘आईसीसीआर चेयर ऑफ इंडियन स्टडीज’ की स्थापना पर समझौता।
भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय और वियतनाम के विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय के बीच डिजिटल प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में सहयोग पर समझौता।
संस्कृति मंत्रालय के ‘ज्ञान भारतम’ और वियतनाम नेशनल यूनिवर्सिटी (हो ची मिन्ह सिटी) के तहत यूनिवर्सिटी ऑफ सोशल साइंसेज एंड ह्यूमैनिटीज के बीच ‘चाम पांडुलिपियों’ को डिजिटल रूप से सुरक्षित रखने पर समझौता।
हैदराबाद हाउस में हुई द्विपक्षीय बैठक
प्रधानमंत्री मोदी ने हैदराबाद हाउस में राष्ट्रपति लाम के साथ बैठक की। इससे पहले दिन में राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में उनका औपचारिक स्वागत किया गया, जिससे उनके भारत के पहले राजकीय दौरे की शुरुआत हुई।
वियतनाम के राष्ट्रपति का स्वागत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। यह दोनों देशों के बीच बढ़ती रणनीतिक साझेदारी को दिखाता है। स्वागत समारोह में बच्चों ने पारंपरिक पोशाक पहनकर भारत और वियतनाम के राष्ट्रीय ध्वज लहराए।


Share

Check Also

नई दिल्ली@पेपर लीक से ध्वस्त हो रही शिक्षा व्यवस्था युवाओं का भविष्य संकट में : पवन खेड़ा

Share नई दिल्ली,01 जून 2026। कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को ध्वस्त करने …

Leave a Reply