एक दिवसीय कार्यशाला में सिखाए बचाव के तरीके
अम्बिकापुर,28 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे को देखते हुए सरगुजा पुलिस ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक दिवसीय साइबर हाईजीन एवं साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की। इसमें जिले के थाना-चौकी प्रभारियों, कार्यालयीन अधिकारियों-कर्मचारियों और सीसीटीएनएस कार्य से जुड़े स्टाफ को प्रशिक्षण दिया गया। कार्यशाला का आयोजन डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में किया गया। पुलिस मुख्यालय रायपुर की टेक्निकल ब्रांच से आए साइबर कमांडो ने प्रशिक्षण दिया।
डेटा सुरक्षा और साइबर अटैक से बचाव की जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों-कर्मचारियों को बताया गया कि साइबर हाईजीन अपनाकर डेटा चोरी, साइबर अटैक और अन्य ऑनलाइन खतरों से बचा जा सकता है। सिस्टम और डिवाइस को सुरक्षित रखने के लिए नियमित सावधानियां जरूरी हैं।
ये 10 जरूरी बातें बताईं गईं…
हर अकाउंट के लिए अलग और मजबूत पासवर्ड रखें।
ईमेल और बैंक खातों में टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन चालू करें।
मोबाइल,कंप्यूटर और ऐप्स को समय-समय पर अपडेट करें।
संदिग्ध लिंक, ईमेल और मैसेज पर क्लिक न करें।
जरूरी फाइलों का नियमित बैकअप लें।
सार्वजनिक Wi-Fi पर बैंकिंग या संवेदनशील काम न करें।
विश्वसनीय एंटीवायरस इंस्टॉल करें।
मोबाइल ऐप्स को सीमित अनुमति दें।
सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से बचें।
सार्वजनिक कंप्यूटर पर काम के बाद लॉगआउट जरूर करें।
नेटवर्क और हार्डवेयर की जांच भी हुई।
साइबर कमांडो टीम ने पुलिस विभाग के हार्डवेयर, नेटवर्क और अन्य तकनीकी इंफ्रास्ट्रक्चर की साइबर सुरक्षा के नजरिए से जांच भी की। कार्यशाला में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों, डीएसपी सुरेश भगत, टेक्निकल ब्रांच से साइबर कमांडो दिलीप सिंह और रिखम साहू सहित जिले के पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur