उरई/चंडीगढ.05 मई 2026। हरियाणा के नूंह जिले में मंगलवार की सुबह कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे पर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ओवरटेक के चक्कर में एक अन्य वाहन से टकरा गई। इस हादसे में उत्तर प्रदेश पुलिस के चार जवान समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सभी पुलिसकर्मी उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के मुख्यालय उरई में तैनात थे। बताया गया कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उत्तर प्रदेश पुलिसकर्मियों की काली स्कॉर्पियो पलवल की ओर जा रही थी। तावड़ू सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले धुलावट टोल प्लाजा के पास सुबह करीब साढ़े दस बजे कार के ड्राइवर ने सामने जा रहे एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया, लेकिन तेज रफ्तार के कारण वह संतुलन खो बैठा और उसने सामने के वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो पूरी तरह से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिस पर सवार सभी पांच लोग फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा। पांचों लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू टीम को मशक्कत करनी पड़ी। नूंह जिले के तावड़ू थाना प्रभारी शीशराम यादव ने बताया कि घटना की जानकारी के बाद तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए थे और पांचों लोग गाड़ी के मलबे में बुरी तरह फंसने से काल के गाल में समा गए।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur