नवाचारी शिक्षण पद्धति और छात्र-केंद्रित प्रयासों को मिला राष्ट्रीय सम्मान,जिले में खुशी की लहर
सोनहत/कोरिया,26 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। जिला कोरिया के लिए यह गर्व का क्षण है कि विकासखंड सोनहत के शासकीय प्राथमिक शाला अकलासरई में पदस्थ सहायक शिक्षक रिपचंद साहू को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रीय नवाचारी शिक्षा रत्न सम्मान सह राष्ट्रीय शैक्षणिक सम्प्रवाह 2025-26’ से सम्मानित किया गया है, इस उपलब्धि ने न केवल उनके विद्यालय, बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है, यह सम्मान उन्हें शासकीय विद्यालय में नवाचारी गतिविधियों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण एवं रोचक शिक्षण कार्य करने के लिए प्रदान किया गया। श्री साहू ने अपनी कक्षा में पारंपरिक शिक्षा पद्धति से हटकर छात्र-केंद्रित दृष्टिकोण अपनाया, जिससे बच्चों की सीखने की रुचि और सहभागिता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
रिपचंद साहू की यह उपलब्धि यह दर्शाती है कि यदि समर्पण और नवाचार के साथ कार्य किया जाए, तो सरकारी विद्यालयों में भी उत्कृष्ट शिक्षा दी जा सकती है, उनका यह सम्मान अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा और शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगा।
नवाचार से बदली कक्षा की तस्वीर- रिपचंद साहू द्वारा किए गए नवाचारों ने शिक्षण को केवल किताबों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे व्यवहारिक और रोचक बनाया, खेल-आधारित शिक्षण, गतिविधि आधारित अभ्यास, स्थानीय संसाधनों का उपयोग, बच्चों की सहभागिता पर विशेष जोर, इन तरीकों से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो रहा है, यही कारण है कि उनका कार्य राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया।
नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप कार्य- श्री साहू का शिक्षण कार्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप है, जिसमें बच्चों की रचनात्मकता, समझ और व्यावहारिक ज्ञान को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने इस नीति को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू कर दिखाया है।
रायपुर में आयोजित हुआ राष्ट्रीय कार्यक्रम-यह सम्मान नवाचारी गतिविधियाँ समूह, भारत द्वारा आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में प्रदान किया गया, जो रायपुर स्थित स्वामी आत्मानंद प्रो. जे.एन. पांडेय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम उच्च माध्यमिक विद्यालय में संपन्न हुआ, इस कार्यक्रम में देशभर से आए शिक्षकों ने अपने-अपने नवाचार प्रस्तुत किए, जहां श्री रिपचंद साहू के कार्य को विशेष रूप से सराहा गया।
जिले में खुशी और गर्व का माहौल- इस उपलब्धि की खबर मिलते ही कोरिया जिले में खुशी की लहर दौड़ गई, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने श्री साहू को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है, यह सम्मान न केवल एक शिक्षक की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह जिले में शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक प्रयासों की भी राष्ट्रीय पहचान है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur