अंबिकापुर के गांधीनगर थाना क्षेत्र का मामला,आत्महत्या के दुष्प्रेरण में युवक पर केस दर्ज कर भेजा जेल
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,26 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। गांधीनगर थाना पुलिस ने आत्महत्या के दुष्प्रेरण के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने फोन पर युवती के चरित्र पर शंका जताते हुए गाली-गलौज की थी, जिससे आहत होकर युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार मृतका सहोद्री सिंह निवासी धनगवां थाना गांधीनगर का गुलाम रसूल नामक युवक से प्रेम संबंध था। दोनों के बीच मोबाइल फोन पर बातचीत होती थी। जांच में पता चला कि 19 सितंबर 2025 को आरोपी ने युवती को कई बार कॉल किया। बातचीत के दौरान उसने युवती को अपशब्द कहे, चरित्र पर सवाल उठाए और किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का आरोप लगाया। इसके बाद फोन काट दिया। आरोपी की बातों से परेशान होकर युवती ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले की जांच मर्ग कायम कर की गई। परिजनों के बयान, तकनीकी साक्ष्य और अन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 108 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी गुलाम रसूल (22) निवासी रूदीडीह थाना नवाजयपुर जिला पलामू झारखंड को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रवीण द्विवेदी सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur