Breaking News

जांजगीर-चांपा@कांग्रेस नेता के घर में घुसकर बदमाशों का हमला…बड़े बेटे की मौके पर ही मौत,छोटा घायल

Share


जांजगीर-चांपा,24 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में कांग्रेस नेता के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। तीन नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया है। मर्डर के बाद आरोपी मौके से भाग गए, जिनकी तलाश की जा रही है। घटना बिर्रा थाना क्षेत्र के करही गांव का है। हमले में कांग्रेस नेता के एक बेटे की मौके पर ही मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया। घटना की जानकारी पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना बिर्रा पुलिस थाना क्षेत्र के करही गांव में देर रात करीब 12ः30 बजे हुई। जांजगीर-चांपा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप ने बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तीन नकाबपोश हमलावर मोटर साइकिल पर आए और सम्मेलाल कश्यप के घर में घुस गए।
कारोबारी हैं कांग्रेस नेता
पुलिस के अनुसार, सम्मेलाल कश्यप सीमेंट और रेत का कारोबार करते थे। वे कांग्रेस की ब्लॉक इकाई के पूर्व उपाध्यक्ष रहे हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमलावरों ने कश्यप के दोनों बेटों पर गोलियां चलाईं, जिसमें 19 वर्षीय आयुष कश्यप की मौके पर ही मौत हो गई। उसके सीने में दो गोलियां लगी थीं। वहीं उसका छोटा भाई आशुतोष घायल हो गया। आशुतोष के हाथ में गोली लगी है।
पुलिस थानों को सतर्क किया गया है…
उन्होंने बताया कि घायल आशुतोष को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। अधिकारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा। हमलावरों को पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया गया है, और पूरे इलाके में जांच चौकियां बनाई गई हैं। आस-पास के जिलों और स्थानीय पुलिस थानों को भी सतर्क कर दिया गया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
उन्होंने बताया कि फोरेंसिक और साइबर टीमों को भी जांच में शामिल किया गया है, और आस-पास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हमले का मकसद अभी साफ नहीं है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
दूसरे बेटे ने बताया
हमले में घायल आशुतोष ने बताया कि वह रात करीब 10 बजे खाना खाने के बाद सो गया था, जबकि उसका बड़ा भाई आधी रात के आसपास जांजगीर से घर लौटा था। उसने बताया, ‘रात करीब 12ः34 बजे, कुछ शोर सुनकर मेरी मां ने मुझे फोन किया। जब मैं जागा, तो मैंने कमरे में तीन हथियारबंद लोगों को देखा, जिन्होंने मुझ पर गोलियां चला दीं। मेरे हाथ में गोली लगी। उसके बाद उन्होंने मेरे भाई पर गोली चलाई। जब मेरी बहन ने मेरे भाई की मदद करने की कोशिश की, तब हमलावरों ने हम पर बंदूक तान दी और पैसे और मोबाइल फोन की मांग की। मेरे पास जो भी नकद था लगभग 50-60 रुपये और मेरी बहन का फोन,मैंने उन्हें दे दिया।’’


Share

Check Also

राजपुर@ उत्कृष्ट पार्षद के लिए नवीन सर्व सोनार समाज ने किया पार्षद विशवास का सम्मान

Share राजपुर,24 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। नवीन सर्व सोनार समाज राजपुर द्वारा निर्दलीय निर्वाचित वार्ड पार्षद …

Leave a Reply