-संवाददाता-
अम्बिकापुर,19 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। शहर के चर्चित पवन तिवारी आत्महत्या प्रकरण में एक बार फिर पुलिस विवेचना को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले में सामाजिक कार्यकर्ता राजेश सिंह सिसोदिया ने सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) को ज्ञापन सौंपते हुए अंबिकापुर कोतवाली पुलिस की जांच प्रक्रिया में गंभीर कमियों का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक पुनः समीक्षा कराने की मांग की है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि अंबिकापुर निवासी श्री आदित्य नारायण तिवारी के स्वर्गीय पुत्र पवन तिवारी द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में थाना कोतवाली,जिला सरगुजा में अपराध क्रमांक 915/2025,दिनांक 06 दिसंबर 2025 को दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस द्वारा मामले की विवेचना की जा रही है,लेकिन अब तक की जांच में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं की अनदेखी किए जाने का आरोप लगाया गया है। राजेश सिंह सिसोदिया ने ज्ञापन में कहा है कि केस डायरी में आत्महत्या से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों,परिस्थितियों तथा घटना से संबंधित वीडियो साक्ष्यों का समुचित उल्लेख नहीं किया गया है। उनका कहना है कि यदि उपलब्ध साक्ष्यों को रिकॉर्ड में शामिल नहीं किया गया,तो न्यायालय में मामला कमजोर हो सकता है,जिससे पीडि़त परिवार को न्याय मिलने में कठिनाई होगी। उन्होंने आईजी से मांग की है कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय समीक्षा कराई जाए तथा विवेचना अधिकारी को निर्देशित किया जाए कि सभी इलेक्ट्रॉनिक,दस्तावेजी एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों को केस डायरी में शामिल किया जाए। साथ ही जांच निष्पक्ष,पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए। राजेश सिंह सिसोदिया ने कहा कि किसी भी संवेदनशील प्रकरण में जांच की छोटी सी चूक भी न्याय प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती है। इसलिए पवन तिवारी आत्महत्या मामले में हर पहलू की गंभीरता से जांच होना जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस प्रशासन मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई करेगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur