Breaking News

आसनसोल@भाजपा सरकार बनने पर बंगाल में हिंदुओं पर अत्याचार रुकेगा : शाह

Share


आसनसोल,13 अप्रैल 2026। पश्चिम वर्धवान जिलान्तर्गत अंडाल क्षेत्र के खांद्रा फुटबॉल मैदान में सोमवार को आयोजित चुनावी जनसभा में केंद्रीय गृह मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता ने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। वे रानीगंज से भाजपा प्रत्याशी पार्थ घोष के समर्थन में सभा को संबोधित करने पहुंचे थे। सोमवार दोपहर करीब 2ः25 बजे हेलिकॉप्टर से सभास्थल पहुंचने के बाद उन्होंने लगभग 25 मिनट तक भाषण दिया। अमित शाह ने कहा कि राज्य में पिछले 15 वर्षों से तृणमूल कांग्रेस सरकार राज्य का विकास करने में विफल रही और बंगाल पीछे चला गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में सिंडिकेट राज कायम है,जो कोयला, बालू समेत कई क्षेत्रों को नियंत्रित करता है और इसके कारण उद्योगपति राज्य छोड़कर जा रहे हैं। उन्होंने बिना नाम लिए ‘भाईपो’ पर भी निशाना साधा और कहा कि भाजपा सरकार बनने पर सिंडिकेट के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद राज्य में नए उद्योग स्थापित किए जाएंगे और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। साथ ही रानीगंज मास्टर प्लान को लागू कर धंसान प्रभावित इलाकों को सुरक्षित बनाया जाएगा।
अमित शाह ने हिंदुओं पर कथित अत्याचार और घुसपैठ के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में हावड़ा, कालियाचक, मालदा, रिशड़ा और मुर्शिदाबाद जैसे इलाकों में दंगे हुए लेकिन सरकार ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर सख्त कदम उठाए जाएंगे और हिंदुओं पर अत्याचार रोका जाएगा। घुसपैठ के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यह राज्य की बड़ी समस्या है और तृणमूल सरकार इसे बढ़ावा दे रही है। घुसपैठिए राशन, जमीन और नौकरियों पर कब्जा कर रहे हैं। भाजपा सरकार बनने पर इन्हें चिन्हित कर बाहर किया जाएगा। सभा में उन्होंने विभिन्न योजनाओं का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर महिलाओं और बेरोजगार युवाओं को हर महीने तीन हजार रुपये का भत्ता दिया जाएगा, जबकि किसानों को सालाना नौ हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।


Share

Check Also

नई दिल्ली@ मल्लिकार्जुन खरगे का तीखा हमला

Share कहा… ‘क्या मोदी बंगाल के सीएम बनना चाहते हैं?’नई दिल्ली ,20 अप्रैल 2026 । …

Leave a Reply