Breaking News

अम्बिकापुर@दुपहिया वाहन चोर गिरोह का खुलासा,दो आरोपी गिरफ्तार

Share


घुटरापारा नर्सरी के पास छिपाए गए 6 वाहन बरामद,आरोपियों को भेजा गया जेल

अम्बिकापुर,21 मार्च 2026 (घटती-घटना)। अंबिकापुर में दुपहिया वाहन चोरी के बढ़ते मामलों के बीच कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की गई कुल 6 दुपहिया वाहन—2 स्कूटी और 4 मोटरसाइकिल—बरामद किए हैं। आरोपियों द्वारा इन वाहनों को घुटरापारा स्थित नर्सरी के पास छिपाकर रखा गया था। मामले की शुरुआत मायापुर निवासी राधा देवी की शिकायत से हुई। उनकी एक्टिवा स्कूटी 16 मार्च को कोतवाली क्षेत्र से चोरी हो गई थी। पीडि़ता ने 19 मार्च को कोतवाली थाना पहुंचकर इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास जानकारी जुटाई और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि समलाया मंदिर के पास दो युवक संदिग्ध रूप से घूम रहे हैं और वाहन चोरी की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम चंदन गुप्ता (22 वर्ष),निवासी घुटरापारा, थाना कोतवाली, और जीवन कैलाश उर्फ बुट (27 वर्ष),निवासी ग्राम धंधापुर महुआपारा,थाना राजपुर,जिला बलरामपुर -रामानुजगंज बताया। प्रारंभ में दोनों आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने चोरी की घटनाओं को स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 16 मार्च को राधा देवी की स्कूटी चोरी की थी। इसके अलावा उन्होंने शहर के विभिन्न स्थानों से चार अन्य मोटरसाइकिल और एक और स्कूटी चोरी करना भी कबूल किया। चोरी के बाद सभी वाहनों को घुटरापारा स्थित नर्सरी के पास छिपाकर रखा गया था, ताकि बाद में उन्हें बेच सकें। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी 6 वाहन बरामद कर लिए। बरामद वाहनों की कुल कीमत लगभग 3 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों का किसी बड़े गिरोह से संबंध तो नहीं है और क्या उन्होंने अन्य क्षेत्रों में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। इस पूरी कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। टीम में उप निरीक्षक सीपी तिवारी, केके यादव सहित कई आरक्षक सक्रिय रूप से शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


Share

Check Also

प्रतापपुर,@आवास मिला…लेकिन अधूरा

Share सूरजपुर में गरीबों के सपनों पर ‘किस्त’ का तालाप्रतापपुर ब्लॉक सबसे ज्यादा प्रभावित…मजदूरी भी …

Leave a Reply