Breaking News

सूरजपुर@ मां सर्वेश्वरी प्रीमियर लीग 2026 : दूरांचल में खेल क्रांति का भव्य समापन

Share


सूरजपुर,20 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। सूरजपुर जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र चांदनी-बिहारपुर महुली में खेल और सेवा का अद्भुुत संगम देखने को मिला,जब‘मां सर्वेश्वरी प्रीमियर लीग क्रिकेट कौशल निर्माण खेल महाकुंभ 2026’का भव्य समापन समारोह संपन्न हुआ। यह आयोजन श्री सर्वेश्वरी समूह के तत्वावधान में संचालित अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम,पड़ाव वाराणसी (उ.प्र.) द्वारा किया गया, जिसने ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने का ऐतिहासिक प्रयास किया।
16 दिनों तक चला खेल महायज्ञ
3 फरवरी 2026 से प्रारंभ इस प्रतियोगिता में 7 फ्रेंचाइजी की कुल 105 क्षेत्रीय खिलाडि़यों ने भाग लिया, पूरे 16 दिनों तक खिलाडि़यों को केवल मैच ही नहीं, बल्कि तकनीकी बल्लेबाजी और गेंदबाजी प्रशिक्षण,फिटनेस एवं फील्डिंग ड्रिल,टीम मैनेजमेंट और नेतृत्व कौशल,खेल अनुशासन एवं मानसिक मजबूती जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर विशेष प्रशिक्षण दिया गया,आयोजन को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की तर्ज पर प्वाइंट टेबल प्रणाली से संचालित किया गया, जिससे खिलाडि़यों को पेशेवर लीग जैसा अनुभव प्राप्त हुआ,ग्रामीण अंचल में पहली बार इस स्तर की लीग प्रणाली ने युवाओं में उत्साह और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का संचार किया।
फाइनल मुकाबले में रोमांच चरम पर : फाइनल मुकाबला बिहारपुर टाइगर्स और अवंतिकापुर टाइटल्स के बीच खेला गया, बिहारपुर टाइगर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मात्र 12 ओवर में 200 रन का विशाल लक्ष्य खड़ा किया, जवाब में अवंतिकापुर टाइटल्स ने शानदार संघर्ष करते हुए 190 रन बनाए,परंतु लक्ष्य से 10 रन पीछे रह गई, इस प्रकार बिहारपुर टाइगर्स ने 2026 का खिताब अपने नाम किया,पूरी श्रृंखला के दौरान कई यादगार क्षण देखने को मिले, कई खिलाडि़यों ने शतक जड़े, 6 गेंदों पर 6 छक्के लगाने का कारनामा,गेंदबाजों द्वारा हैट्रिक लेकर मैच का रुख बदल देना दर्शकों की भारी भीड़ ने तालियों और नारों से खिलाडि़यों का उत्साहवर्धन किया। ग्रामीण परिवेश में ऐसा खेल उत्सव किसी बड़े शहर के स्टेडियम जैसा वातावरण निर्मित कर रहा था।
उद्देश्यः खेल के माध्यम से व्यक्तित्व निर्माण-आयोजन का मूल उद्देश्य केवल ट्रॉफी जीतना नहीं,बल्कि पिछड़े और दूरस्थ क्षेत्र के युवाओं को अवसर देना,अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना का विकास, नशामुक्ति और सकारात्मक ऊर्जा की ओर प्रेरित करना, प्रतिभाशाली खिलाडि़यों को जिला एवं राज्य स्तर तक पहुँचाने का मार्ग प्रशस्त करना, क्षेत्रीय समाजसेवियों ने इसे युवाओं के भविष्य के लिए ‘एक सशक्त पहल’ बताया और कहा कि ऐसे आयोजन क्षेत्र में सामाजिक जागरूकता और आत्मविश्वास को बढ़ावा देते हैं।
खेल के साथ सेवा का संगम : समापन समारोह केवल पुरस्कार वितरण तक सीमित नहीं रहा। सेवा कार्यों ने इस आयोजन को और भी सार्थक बना दिया,105 खिलाडि़यों को निःशुल्क वस्त्र वितरण,अघोरेश्वर संदेश एवं स्वतंत्रता रक्षा पंपलेट वितरण,251 लोगों को भंडारा एवं महाप्रसाद,शाखा अंबिकापुर द्वारा 30 लॉकेट एवं 80 पुस्तकें वितरित,क्रिकेट कमेटी को बैट-बॉल किट एवं 30 ट्रैकसूट प्रदान,पूजा-अर्चना के साथ अवधूत भगवान राम एवं बाबा गुरुपद संभव राम के आशीर्वाद से आयोजन का समापन हुआ।
गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति :
कार्यक्रम में समर विजय सिंह तोमर,प्रमोद श्रीवास्तव,बृजेश राय,रमेश यादव,मिथिलेश यादव,पूनम चंद गोयल (मन्नू सेठ) सहित शाखा अंबिकापुर एवं शाखा मकरी कुटिया के पदाधिकारी उपस्थित रहे,क्षेत्रीय समाजसेवियों में सरपंच रनसाय सिंह,उपसरपंच तुलसी जायसवाल,सतेंद्र पाठक,मदन जायसवाल, अरुण जायसवाल,बैकुंठ जायसवाल,शिशुपाल जायसवाल,अनुज सिंह,देवनाथ सिंह,बाल सिंह, मनोज जायसवाल एवं ईआर.लक्ष्मण जायसवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
ग्रामीण खेल प्रतिभा को मिला नया आयाम
‘मां सर्वेश्वरी प्रीमियर लीग क्रिकेट कौशल निर्माण 2026’ ने यह सिद्ध कर दिया कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती—उसे केवल अवसर और मार्गदर्शन की आवश्यकता होती है,दूरांचल क्षेत्र में इस प्रकार का सुव्यवस्थित आयोजन न केवल खेल प्रतिभा को निखारता है, बल्कि समाज में एक सकारात्मक संदेश भी देता है कि युवा शक्ति ही भविष्य की असली ताकत है,यह खेल महाकुंभ आने वाले वर्षों में और बड़े स्वरूप में आयोजित करने की घोषणा के साथ समाप्त हुआ, जिससे क्षेत्र में खेल संस्कृति के विस्तार की नई उम्मीदें जागृत हो गई हैं।


Share

Check Also

रायपुर@डीपीआई का आदेश : जिस स्कूल के लिए जारी हुआ पोस्टिंग आदेश,वहीं करनी होगी जॉइनिंग,सभी अभ्यावेदन खारिज

Share रायपुर,27 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ में शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण को लेकर डीपीआई ने कड़ा आदेश …

Leave a Reply