-संवाददाता-
सूरजपुर,20 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। जनप्रतिनिधि सिर्फ मंच तक सीमित न रहें, बल्कि चौपाल तक पहुंचें—इसी सोच को व्यवहार में उतारते हुए भूलन सिंह मरावी, विधायक प्रेमनगर, गुरुवार को सूरजपुर ग्रामीण मंडल के विभिन्न ग्रामों के दौरे पर पहुंचे। ग्राम नेवरा, झांसी, बसदेई, लोधिमा,उंचडीह,तेदुपारा,सरमा और पसला में विधायक ने गांव की गलियों में पैदल भ्रमण किया, घर-घर दस्तक दी और चौपाल में बैठकर ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया। उनके इस दौरे में औपचारिकता से अधिक आत्मीयता और संवाद की सहजता देखने को मिली।
घर-घर संवाद,चौपाल में समाधान
विधायक मरावी ने कहा कि योजनाएं कागजों में नहीं, जमीन पर दिखनी चाहिए, उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ नहीं पहुंचेगा,तब तक विकास अधूरा रहेगा,दौरे के दौरान ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याएं सामने रखीं,कच्ची सड़कों को पक्की करने की मांग,पेयजल की अनियमित आपूर्ति, राशन वितरण में पारदर्शिता, बिजली और आवास योजनाओं से जुड़ी परेशानियां,विधायक ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने की बात कही और समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया।
भाजपा कार्यकर्ताओं को दिया संदेश
विधायक ने उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केवल संगठनात्मक बैठकों तक सीमित न रहें, बल्कि प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाएं,उन्होंने कहा जनता के बीच रहकर ही असली जानकारी मिलती है,कार्यालय में बैठकर गांव की समस्या समझी नहीं जा सकती।
उचित मूल्य दुकान का औचक निरीक्षण
जनसंपर्क कार्यक्रम के बाद विधायक ने ग्राम पंचायत नेवरा स्थित उचित मूल्य दुकान का औचक निरीक्षण किया, उन्होंने चावल वितरण व्यवस्था का जायजा लिया और हितग्राहियों से सीधा सवाल किया—क्या समय पर राशन मिल रहा है? ग्रामीणों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया, लेकिन साथ ही सेल्समैन को स्पष्ट चेतावनी दी कि गरीबों के हक में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सक्रिय और संवेदनशील नेतृत्व
प्रेमनगर विधायक की कार्यशैली में एक सक्रिय, सरल और संवेदनशील जनप्रतिनिधि की छवि दिखाई देती है। वे अक्सर बिना पूर्व सूचना गांवों का दौरा कर जमीनी स्थिति का आकलन करते हैं, ग्रामीणों के अनुसार,नेता का गांव में आकर हालचाल पूछना और समस्या सुनना ही भरोसा बढ़ाता है,दौरे के दौरान सूरजपुर ग्रामीण भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय राजवाड़े,सागर सिंह सहित मंडल के पदाधिकारी,बूथ अध्यक्ष और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। ग्रामीणों में विधायक के आगमन को लेकर उत्साह और आत्मीयता का माहौल देखा गया।
जनता का विश्वास ही मेरी ताकत-
कार्यक्रम के अंत में विधायक भूलन सिंह मरावी ने कहा जनता का विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है, जब तक हर घर तक योजनाओं का लाभ और विकास की रोशनी नहीं पहुंचेगी, तब तक हमारा प्रयास निरंतर जारी रहेगा, गांव-गांव पहुंचकर संवाद की यह पहल क्षेत्र में जनप्रतिनिधि और जनता के बीच विश्वास की डोर को और मजबूत करती नजर आ रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur