
लखनपुर,10 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका की भर्ती प्रक्रिया कई महीनों से लंबित पड़ी हुई है, जिससे सैकड़ों अभ्यर्थी परेशान हैं। जुलाई 2025 में लखनपुर ब्लॉक के परियोजना कार्यालय में कार्यकर्ता व सहायिका कुल 22 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे जिनमें कार्यकर्ता के 5 व 17 सहायिका के रिक्त पद थे जिसमें लगभग 350 फॉर्म विभिन्न ग्राम पंचायतों के उम्मीदवारों द्वारा जमा किए गए थे,आज सात महीने बीत जाने के बावजूद भर्ती प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई है। अभ्यर्थियों के बार-बार पूछने पर परियोजना कार्यालय से बताया जाता है कि मूल्यांकन समिति ने अभी तक स्थाई समिति का गठन नहीं किया है,जिसके कारण पूरा मामला अटका हुआ है। इस देरी से ग्रामीण क्षेत्रों में आंगनवाड़ी केंद्रों पर कार्यकर्ता और सहायिका की कमी बनी हुई है, जिसका सीधा असर बच्चों की देखभाल,पोषण और शिक्षा पर पड़ रहा है। अभ्यर्थी बताते हैं कि वे लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं और बार-बार कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं,लेकिन कोई ठोस जानकारी नहीं मिल रही। स्थानीय स्तर पर इस मुद्दे को लेकर नाराजगी बढ़ रही है, और उम्मीद है कि जल्द ही स्थाई समिति गठित होकर भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाएगी। संबंधित विभाग से उम्मीदवारों की मांग है कि इस लंबित प्रक्रिया को प्राथमिकता देकर जल्द पूरा किया जाए ताकि योग्य उम्मीदवारों को नियुक्ति मिल सके और आंगनवाड़ी केंद्र सुचारू रूप से चल सकें। इस संबंध में जिला परियोजना अधिकारी जे आर प्रधान ने बताया कि जितने भी आवेदन आए हुए हैं मूल्यांकन समिति के द्वारा अंक सूची का सत्यापन किया जा रहा है जिससे थोड़ा सा विलंब हो रहा है आगामी एक महीना के अंदर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur