Breaking News

सूरजपुर@ पंचदेव बस्ती में हिंदू महासम्मेलन संपन्न,समरसता और संस्कृति का संदेश

Share

सूरजपुर,29 दिसम्बर 2025 (घटती-घटना)। नगर की पंचदेव बस्ती में हिंदू जन जागरण समिति पंचदेव बस्ती द्वारा आयोजित हिंदू महासम्मेलन दुर्गा पंडाल, सूरजपुर में भव्य और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य हिंदू समाज में सामाजिक समरसता, आपसी सद्भाव और सांस्कृतिक चेतना को सशक्त करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह जिला कार्यवाह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े विजय शर्मा उपस्थित रहे।
संघ शताब्दी वर्ष और पंच परिवर्तन का संदेश- अपने उद्बोधन में विजय शर्मा ने कहा कि संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर देशभर में हो रहे हिंदू महासम्मेलन समाज में समरसता, भेद-भिन्नता के उन्मूलन और अपनी संस्कृति पर गर्व की भावना को जागृत करने का माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति विश्व की सबसे प्राचीन संस्कृति है, जिसका न आदि है न अंत। हिंदू समाज को सभी भेद भूलकर मूल हिंदुत्व की भावना को आत्मसात करना होगा, उन्होंने पंच परिवर्तन के पाँच बिंदुओं— सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, स्व-आधारित जीवन और नागरिक कर्तव्य बोध—को जीवन में अपनाने का आह्वान किया और कहा कि इन्हीं मूल्यों से भारत पुनः अपने गौरव को प्राप्त कर सकता है।
परिवार और संस्कार पर जोर- मातृशक्ति के रूप में उपस्थित डॉ. शिवांजलि सिंह ने कहा कि परिवार में संस्कार और संयुक्त भाव मजबूत होंगे तो देश भी सशक्त बनेगा। उन्होंने सप्ताह में कम से कम एक दिन पूरे परिवार के साथ भोजन और भजन करने की प्रेरणा दी।
संस्कृति का सम्मान ही राष्ट्र सम्मान- कार्यक्रम के अतिथि संत स्वामी पुरी जी महाराज ने कहा कि अपनी संस्कृति और बड़ों का सम्मान ही सच्चा राष्ट्र सम्मान है। हम सभी भारत माता की संतान हैं, इसलिए हमारे बीच किसी भी प्रकार का भेद नहीं होना चाहिए, नन्ही बच्ची श्रेयजल गुप्ता ने सरल शब्दों में पंच परिवर्तन की जानकारी देकर समाज से इसे अपने जीवन में अपनाने की अपील की।
सभी समाजों के प्रमुखों का सम्मान- कार्यक्रम में जनजाति, नाई, धोबी, यादव, कुशवाहा, साहू, देवांगन, राजवाड़े, विश्वकर्मा, सोनी, हलवाई, जायसवाल, सौंडिक, कसेरा, कहार, अग्रवाल, ब्राह्मण सहित विभिन्न समाजों के प्रमुखों को साल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
लोक संस्कृति बनी आकर्षण का केंद्र- सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत कर्मा लोकनृत्य एवं सुआ लोकनृत्य के दलों ने शानदार प्रस्तुति दी, जो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही, कलाकारों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया, कार्यक्रम के अंत में भारत माता की आरती संपन्न हुई, आभार प्रदर्शन कार्यक्रम संयोजक पवन मित्तल ने किया तथा मंच संचालन वीरेंद्र साहू ने किया। समिति द्वारा महाभंडारे का भी आयोजन किया गया, कार्यक्रम को सफल बनाने में सहसंयोजक दिनेश गुप्ता, बजरंग जैन, अंकुर तिवारी, मुकेश गर्ग, शैलेश गोयल, भोला शंकर साहू, अंकित कोशरिया, प्रदीप देवांगन, आकाश राजपूत, अजय सिंह, बजरंग राजवाड़े सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।


Share

Check Also

रायपुर@डीपीआई का आदेश : जिस स्कूल के लिए जारी हुआ पोस्टिंग आदेश,वहीं करनी होगी जॉइनिंग,सभी अभ्यावेदन खारिज

Share रायपुर,27 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ में शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण को लेकर डीपीआई ने कड़ा आदेश …

Leave a Reply