-संवाददाता-
प्रतापपुर,27 दिसंबर 2025 (घटती-घटना)। प्रतापपुर क्षेत्र के पेंडारी घाट को अब लोग हादसों का डेंजर जोन कहने लगे हैं। यहां आए दिन हो रही सड़क दुर्घटनाएं प्रशासन और परिवहन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। ताजा मामला चंदौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पेंडारी घाट का है, जहां रामानुजगंज से अंबिकापुर की ओर धान लोड कर विक्रय हेतु जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक क्रमांक ष्टत्र 04 र्रुं 6785 में क्षमता से अधिक धान लोड किया गया था। घाट की तीखी ढलान पर पहुंचते ही ट्रक का ब्रेक फेल हो गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक सड़क किनारे गड्ढे में जाकर पलट गया। हादसा इतना अचानक था कि आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि ट्रक चालक और क्लीनर ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। दोनों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें स्थानीय स्तर पर उपचार दिया गया। यदि ट्रक घाट के मोड़ पर किसी अन्य वाहन या राहगीर से टकरा जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही चंदौरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए यातायात को सुचारू कराया। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही ट्रक में लोड धान की भी गहन जांच शुरू कर दी गई है। यह पता लगाया जा रहा है कि धान वैध रूप से खरीदा गया है या नहीं, मंडी कट्टी हुई है अथवा अवैध परिवहन किया जा रहा था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पेंडारी घाट पर ओवरलोड भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है, लेकिन न तो परिवहन विभाग सख्ती दिखा रहा है और न ही स्थायी सुरक्षा उपाय किए गए हैं। ग्रामीणों ने घाट क्षेत्र में स्पीड कंट्रोल, ओवरलोडिंग पर सख्त कार्रवाई और चेतावनी संकेतक लगाने की मांग की है,ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur