

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,25 दिसम्बर 2025 (घटती-घटना)। प्रभु येशु के जन्म क्रिसमस के शुभ अवसर पर अंबिकापुर के नवापारा स्थित महा गिरजाघर में विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की गई। रात्रि 10 बजे से धार्मिक अनुष्ठान प्रारंभ हुई जो देर रात तक चली। रात्रि 12 बजे बालक येशु के जन्म के साथ ही चर्च के घंटे बजे और आतिशबाजी शुरू हो गई। चरनी आशीष के सांथ धार्मिक अनुष्ठान की शुरुवात हुई। बिशप डॉ. अंतोनीस बड़ा की अगुवाई में फादर जार्ज ग्रे कुजूर के साथ समस्त धार्मिक अनुष्ठान मिस्सा पूजा सम्पन्न हुई। इस अवसर पर समुदाय को संबोधित करते हुए अपने संदेश में बिशप डॉ अंतोनिस बड़ा ने कहा कि इस वर्ष का क्रिसमस जागरण एक साधारण जागरण नहीं है यह एक अद्भुत एवं अनोखा जागरण है आज हम यीशु के 2025 वां वर्षगांठ मना रहे हैं। हम ईश्वर को धन्यवाद देते हैं कि उसने हम मानव को बचाने के लिए पाप के जाल से छुड़ाकर स्वर्ग ले जाने के लिए अपने इकलौते बेटे यीशु को कुंवारी माता द्वारा इस संसार में भेजा। अतः ख्रीस्त जयंती सारी मानव जाति के लिए प्रेम शांति आनंद का पर्व है। आइये इस समारोह में सहभागी होने के लिए हमने आपको तैयार करें और सारे गुनाहों के लिए माफी मांगे और अपने मन को शुद्ध करें। इस क्रम में आगे सुसमाचार का वाचन भी किया गया। इस दौरान पारा टोला से आए समाज के लोगों ने पवित्र बाइबिल पाठ का वाचन किया गया। पहला पाठ का वाचन कुंती एक्का भगवानपुर व दूसरे पाठ का वाचन डेविड एक्का ने पवित्र पाठ का वाचन कर येशु के संदेशों को दिया। रात्रि प्रार्थना सभा के दौरान फा.अनुरंजन व फा. जॉन जयसवाल की अगुवाई में युवक युवतिओं द्वारा अनुष्ठान के बीच-बीच में भक्तिमय गीतों से एैसा समा बांधा की लोग भक्तिमय गीतों में रम गए। कार्यक्रम के अंतिम चरण में परम प्रसाद का वितरण व बालक येशु का चुंबन किया गया। बड़े बुजुर्गों के लिए घर में बैठ कर लाइव प्रसारण के माध्यम से धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने की निःशुल्क व्यवस्था जेरीन जोसेफ ने उपलब्ध कराई थी।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व महापौर डा.अजय तिर्की, फा. थेओडोर लकड़ा, फा. ज्ञान लकड़ा, फा. पीटर, फ्रांसिस केरकेट्टा, अलीशा अंशु बड़ा, रुबेन तिग्गा, डेविड एक्का, संतोष किस्पोट्टा, राजेन्द्र तिग्गा, हॉली क्रास, उर्सुलाइन, संतअन्ना, मिशनरीज आफ चैरिटी सिस्टर्स व बड़ी संख्या मसीही समाज के लोग मौजूद थे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur