
5 लाख को 2.50 करोड़ बनाने के लालच में हो गई हत्या
बैगा ने रस्सी से गला घोंटकर मार डाला
कोरबा,13 दिसंबर 2025 (घटती-घटना)। ऊर्जानगरी कोरबा में हुए चर्चित ट्रिपल मर्डर मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने तांत्रिक के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। दरअसल तांत्रिक ने ही तंत्र-मंत्र के द्वारा 5 लाख को 2.50 करोड़ करने का लालच दिया था। पुलिस ने घटना में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आज इस पूरे मामले का खुलासा किया। 11 दिसम्बर को थाना उरगा क्षेत्र के ग्राम कुदरी स्थित एक फार्म हाउस में तीन व्यक्तियों की संदिग्ध मौत की सूचना मिलते ही पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम गठित कर घटनास्थल निरीक्षण किया गया। जांच में यह तथ्य सामने आया कि मुख्य आरोपी बैगा आशीष दास द्वारा तंत्र-मंत्र के माध्यम से 5 लाख रुपये को 2 करोड़ 50 लाख रुपये करने का झांसा देकर मृतक नितेश रात्रे, असरफ मेमन एवं सुरेश साहू को ग्राम कुदरी स्थित असरफ मेमन के फार्म हाउस में तंत्र-मंत्र के नाम पर बुलाया था। 10 दिसम्बर की शाम को आरोपी तांत्रिक आशीष दास अपने साथ नायलॉन की रस्सी, नींबू, नारियल, अगरबत्ती व अन्य तंत्र-मंत्र सामग्री लेकर फार्म हाउस पहुंचा।
तीनों को बारी-बारी से अंदर बुलाया
बैगा ने मृतकों को कमरे के बाहर रस्सी पकड़कर खड़े रहने को कहा और तंत्र-मंत्र की प्रक्रिया के बहाने एक-एक कर मृतकों को कमरे के अंदर बुलाया। पहले मृतक नितेश रात्रे को कमरे के अंदर बैठाकर उसके गले में नायलॉन की रस्सी डाली और बाहर खड़े आरोपियों को रस्सी खींचकर गला घोंटने को कहा,रस्सी से गला घोंटने के कारण नितेश रात्रे की मौके पर ही मौत हो गई। इसी तरह मृतक असरफ मेमन व सुरेश साहू को भी तंत्र-मंत्र की प्रक्रिया के बहाने कमरे के अंदर बुलाया और नायलॉन रस्सी से गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी गई।
तंत्र-मंत्र से ठीक करने का नाटक करता रहा बैगा
इस बीच बाहर खड़े अशरफ के परिजन और अन्य लोगों ने जब तीनों को बेहोशी की हालत में देखा और अस्पताल ले जाने की बात कही, तब बैगा ने कहा कि वह इन्हें तंत्र-मंत्र से ठीक कर देगा। ऐसा करके बैगा ने लगभग 4 घंटे बर्बाद कर दिए और उसके बाद लोगों ने अशरफ सहित तीनों व्यक्तियों को अस्पताल पहुंचाया,जहां इन तीनों को मृत घोषित कर दिया गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur