दोनों ओर से चल रही फायरिंग,सर्च ऑपरेशन जारी
बीजापुर,05 नवम्बर2025। छत्तीसगढ़-तेलंगाना बॉर्डर पर बीजापुर जिले में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ चल रही है। एनकाउंटर में 3 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। बताया जा रहा है कि जवानों ने जंगल में नक्सलियों को घेर लिया है। अन्नाराम और मरीमल्ला के जंगलों में दोनों ओर से फायरिंग हो रही है। मिली जानकारी के मुताबिक मुठभेड़ नक्सलियों की मद्देड एरिया कमेटी से हुई है। जवानों की टीम जंगल में मौजूद है। जंगल से जवानों ने बड़ी तादाद में हथियार बरामद किए हैं। इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है। फिलहाल पुलिस ने नक्सलियों के मारे जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। बस्तर में फोर्स अब नक्सलियों के खात्मे की तैयारी में है। नक्सली संगठन के कई बड़े नेताओं के मारे जाने के बाद सुरक्षाबल एक्टिव मोड पर है। फोर्स का फोकस बस्तर के 50 चुनिंदा गांवों पर है, जहां से नक्सलियों की पकड़ पूरी तरह खत्म करने की तैयारी है।बताया जा रहा है कि इस अभियान की शुरुआत बीजापुर जिले से हो रही है। इसके लिए नारायणपुर, बस्तर, दंतेवाड़ा और सुकमा से डीआरजी (डिस्टि्रक्ट रिजर्व ग्रुप) के जवानों की 10 से ज्यादा टीमें बनाई जा रही हैं। इन जवानों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं और उन्हें अगले आदेश तक ड्यूटी पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि यह ऑपरेशन अबूझमाड़ और करेंगुट्टा जैसे पिछले बड़े अभियानों की तरह ही बड़े पैमाने पर चलाया जाएगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur