- रामगढ़ मेले के कार्य को बजट में शामिल करके एक रेगुलर व्यवस्था करने किया जाएगा प्रयास-मंत्री चौधरी
- विभिन्न विधाओं के नृत्य शैली और नाटक की हुई मनमोहक प्रस्तुतियां, श्री राम के भक्तिमय गीतों से राममय हुई संध्या
- विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल, हितग्राहीमूलक सामग्रियों का हुआ वितरण



अम्बिकापुर, 12 जून 2025 (घटती-घटना)। दो दिवसीय रामगढ़ महोत्सव का शानदार समापन वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी के मुख्य आतिथ्य में गुरुवार को हुआ। समापन समारोह की शुरूआत श्री राम के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर मंत्री श्री चौधरी ने अपने उद्बोधन की शुरुआत भारत माता, छत्तीसगढ़ महतारी,रामगढ़ एवं महाकवि कालिदास के जयकारे से की। उन्होंने कहा आज हर्ष हो रहा है कि मुझे आपके बीच रामगढ़ महोत्सव में शामिल होने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि आज पुराने दिन याद आ रहे हैं, जब मैं सोलह वर्ष पहले सरगुज़ा जिला पंचायत सीईओ था। तब यहां आना हुआ था,ऐसा लग रहा है जैसे मैं फिर अपने पुराने गांव में आया हूं। उन्होंने आगे कहा कि में पिछले डेढ़ वर्ष से भारतीय जनता पार्टी की सरकर बनी है, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में हमारी सरकार ने 18 लाख गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए हैं, 70 लाख दीदियों को महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह एक हजार की राशि दी जा रही है, हमने किसान भाइयों से 3100 रुपए प्रति मि्ंटल तथा 21 मि्ंटल प्रति एकड़ में धान खरीदा।
सरगुज़ा और बस्तर की ओर देखो यह हमारी सरकार की पहली प्राथमिकता है। जब मैंने वित्त मंत्री के रूप में पहला बजट प्रस्तुत किया तब सरगुजा एवं बस्तर जैसे अंचल जो विकास कि धारा में पीछे रह गए थे उनके विकास के लिए कई प्रावधान किए गए, आगे भी हमसे जो भी हो सकेगा वह किया जाएगा। रामगढ़ के लिए सरगुजा जिला जो चाहेगा उस दिशा में कार्य होंगे। इन पहाडि़यों पर हमारी परंपरा के सबसे बड़े कवियों में से कालिदास जी ने मेघदूतम की रचना की थी। कालिदास जी की पावन स्मृतियों को आप लोगों ने संजो के रखा है, इस मेले के कार्य को बजट में शामिल करके एक रेगुलर व्यवस्था कराने का कार्य भी हमारी सरकार के माध्यम से किया जाएगा, ताकि आगे भी इस तरह के आयोजन अच्छे तरह से होते रहें।
इस अवसर पर सांसद सरगुज़ा श्री चिन्तामणी महाराज, अम्बिकापुर विधायक श्री राजेश अग्रवाल,लुण्ड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरुपा सिंह, नगर पालिका निगम अम्बिकापुर महापौर श्रीमती मंजूषा भगत एवं सभापति श्री हरमिंदर सिंह टिन्नी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री देवनारायण यादव,जिला पंचायत सदस्य श्रीमती राधा रवि, श्रीमती रायमुनिया करियाम एवं श्री प्रदीप सिंह, उदयपुर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री ओमप्रकाश सिंह, उपाध्यक्ष सिद्धार्थ सिंहदेव, सरपंच पूटा श्री नन्दराम तथा जनप्रतिनिधियों में श्री विनोद हर्ष, श्री भारत सिंह सिसोदिया, श्री आलोक दुबे उपस्थित रहे। इस दौरान कलेक्टर श्री विलास भोसकर, एसपी श्री राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर सरगुजा श्री ए.एल. ध्रुव, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं जिले के अधिकारी-कर्मचारी तथा आमजन उपस्थित रहे।
विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल, हितग्राहीमूलक सामग्रियों का हुआ वितरण
इस अवसर पर अतिथियों द्वारा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया गया। उद्यानिकी विभाग द्वारा 5 हितग्राहियों को लीची पौधा वितरण, कृषि विभाग द्वारा 10 हितग्राहियों को कोदो बीज और 10 हितग्राहियों सॉइल हेल्थ कार्ड, मछली पालन विभाग द्वारा 5 जाल एवं 1 आइस बॉक्स सहित अन्य विभागों के हितग्राहियों को आवश्यक सामग्रियों का वितरण किया गया। विभागीय स्टॉलों में आमजनों को हितग्राहीमूलक योजनाओं के सम्बन्ध में जानकारी दी गई।
सांस्कृतिक कार्यक्रम से सजी संध्या
दो दिवसीय रामगढ़ महोत्सव के समापन अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विभिन्न कलाकारों एवं स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा शानदार प्रस्तुति दी गई। विभिन्न विधाओं के नृत्य शैली और नाटक के माध्यम से देश की कला एवं संस्कृति को प्रदर्शित किया गया। खैरागढ़ संगीत विद्यालय के मोक्षम ग्रुप के द्वारा श्री राम स्तुति पर मंत्रमुग्ध कर देने वाली प्रस्तुति दी। छात्र-छात्राओं के द्वारा श्री राम एवं केंवट के संवाद की जीवंत प्रस्तुति ने सभी का मन मोहा। एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों ने देर शाम तक दर्शकों को कार्यक्रम स्थल पर बांधे रखा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur