ब्रिसबेन,10 जून 2025। भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज शुरू होनी है। इससे पहले भारत की ए टीम ने इंग्लैंड लायंस के खिलाफ दो मैच खेले हैं, जो कि अन ऑफिशियल थे। ये मैच एक तरह से प्रैक्टिस के लिए रखे गए थे। जो भारतीय खिलाड़ी टेस्ट सीरीज खेलेंगे, उन्हें भी इस टीम में रखा गया था, ताकि वे अपनी तैयारी कर सकें और इंग्लैंड के हिसाब से खुद को ढाल सकें। इस बीच इंडिया ए की ओर से एक खिलाड़ी ने कमाल का प्रदर्शन किया है, उसने गेंद और बल्ले से कहर बरपाने का काम किया, लेकिन इसके बाद भी वो इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के मुकाबले नहीं खेल पाएगा। हम बात कर रहे हैं अंशुल कम्बोज की।
इंडिया ए की ओर से अंशुल ने किया कमाल का प्रदर्शन
इंडिया ए की ओर से खेलते हुए अंशुल कम्बोज ने मैच की पहली पारी में 18 ओवर में 56 रन देकर दो विकेट अपने नाम किए। इसके बाद मैच की दूसरी पारी में उन्होंने तीन ओवर में केवल 6 रन देकर दो विकेट हासिल किए। इतना ही नहीं, दूसरी पारी में तो उन्होंने बल्ले से भी कमाल किया। उन्होंने 86 बॉल पर 51 रनों की बेहतरीन पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 5 चौके और एक छक्का लगाया। यानी वे गेंद और बल्ले से कमाल करने में कामयाब रहे।
भारतीय टीम में शामिल नहीं किए गए हैं अंशुल कम्बोज
अब सवाल ये है कि क्या अंशुल कम्बोज भारत बनाम इंग्लैंड सीरीज के मैच खेल पाएंगे। तो इसका जवाब है नहीं। अंशुल कम्बोज को केवल इंडिया ए टीम में शामिल किया गया, भारतीय टीम में वे नहीं हैं। लेकिन हो सकता है कि उन्हें रोक लिया जाए और अगर कोई खिलाड़ी खास तौर पर तेज गेंदबाज चोटिल हो जाए तो उसकी जगह अंशुल को मौका मिल जाए।
भारत बनाम इंग्लैंड एक लंबी सीरीज है, जिसमें पांच मुकाबले खेले जाएंगे, इतनी लंबी सीरीज के दौरान कोई ना कोई खिलाड़ी चोटिल हो ही जाता है, उसके रिप्लेसमेंट के लिए अंशुल कम्बोज ने अभी से अपनी दावेदारी पेश कर दी है।
अभी तक भारत के लिए नहीं खेल पाए हैं अंशुल
अंशुल को अभी तक भारत के लिए डेब्यू करने का मौका तो नहीं मिला है, लेकिन डोमेस्टिक क्रिकेट और आईपीएल में वे अपना कमाल दिखा रहे हैं। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में अभी तक 24 मैच खेलकर वे 79 विकेट ले चुके हैं। आईपीएल में वे 11 मैच खेलकर 10 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। इस साल वे चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए खेल रहे थे, लेकिन इससे पहले मुंबई इंडियंस के लिए भी खेल चुके हैं। अगर इसी तरह से अंशुल लगातार अच्छा प्रदर्शन करते रहे तो वो दिन दूर नहीं, जब वे भारतीय टीम के लिए भी खेलते हुए दिखाई दें।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur