पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
महासमुंद,09 जून 2025(ए)। मकान विवाद को लेकर आत्मदाह की चेतावनी देने वाली वृद्ध महिला अचानक गायब हो गई है। बताया जा रहा है कि जिले की 70 वर्षीय वृद्ध महिला प्रतिभा मसीह अपनी विकलांग बेटी और दो नातियों के साथ रविवार सुबह से लापता हैं। उनके अचानक गायब होने से प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। फिलहाल पुलिस बीते 24 घंटों से उनकी तलाश में जुटी हुई है।
शिक्षिका द्वारा हड़पे गए अपने घर को वापिस दिलाने की मांग को लेकर 70 वर्षीय महिला प्रतिभा मसीह ने कलेक्टर जनदर्शन में न्याय की गुहार लगाते हुए चेतावनी दी थी। उसने कहा था कि अगर उसे उसका घर वापिस नहीं दिलाया गया तो वह 10 जून को सीएम हाउस के सामने आत्मदाह कर लेगी। इसी बीच यह वाकया हो गया। 10 जून को आत्मदाह करने से पहले महिला के गायब होने से मन में कई तरह के सवाल उठ रहे है।
जानकारी के मुताबिक, लहरौद गांव, वार्ड क्रमांक 6 निवासी प्रतिभा मसीह ने वर्ष 2017 में एक मकान खरीदा था। वर्ष 2019 में आर्थिक तंगी के चलते उन्होंने गांव की ही एक शासकीय शिक्षिका गंगादेवी ध्रुव से ₹73,000 उधार लिए। समझौते के अनुसार, छह माह में राशि लौटाकर मकान वापस लेने की बात तय हुई थी, लेकिन जब तय समय में वृद्धा ने पैसे लौटाने की कोशिश की, तो शिक्षिका ने पैसे लेने से इनकार कर दिया और मकान पर अपना अधिकार जताने लगीं।
इस बात से परेशान होकर महिला ने कलेक्टर जनदर्शन में न्याय की
गुहार लगाई और चेतावनी दी कि यदि 10 जून तक न्याय नहीं मिला, तो वे मुख्यमंत्री निवास के सामने आत्मदाह कर लेंगी।
2 दिन पहले अधिकारियों ने डाट-फटकार लगाई थी
बताया जा रहा है कि आत्मदाह करने के 2 दिन पहले अधिकारीयों ने प्रतिभा मसीह को डाट-फटकार लगाई थी, जिससे प्रतिभा मसीह बेहद अपमानित महसूस कर रही थी। इसके बाद रविवार सुबह से गायब हो गई है।
वहीं प्रतिभा मसीह की चेतावनी और उसके बाद अचानक लापता हो जाना प्रशासनिक संवेदनशीलता और आम नागरिक की असुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े करता है। एक बुजुर्ग महिला, मानसिक रूप से अस्वस्थ बेटी और बच्चों के साथ इस प्रकार से लापता होना किसी भी प्रशासन के लिए गंभीर चुनौती है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur