अंबिकापुर,09 जून 2025 (घटती-घटना)। लखनपुर थाना क्षेत्र के गणेशपुर में रविवार की शाम को करंट की चपेट में आने से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मौत हो गई। कुएं से पानी निकालने के लिए टुल्लू पंप को चलाने के लिए बिजली कनेक्शन जोड़ रही थी। तभी वह करंट की चपेट में आ गई थी। परिजन उसे इलाज के लिए लखनपुर अस्पताल ले गए। यहां जांच के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार ग्राम गणेशपुर निवासी पद्मा राजवाड़े (42 वर्ष) गांव के ही आमापारा आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यकर्ता थी। वह रविवार की शाम लगभग 5 बजे घर की बाड़ी में स्थित कुआं में नहाने गई हुई थी। वह टुल्लू पंप चालू करने के लिए तार जोडऩे की कोशिश कर रही थी। इस दौरान उसे खुले तार से करंट का झटका लगा और वह गिर गई। कुएं के पास बेहोश पड़ा देख परिजन उसे लेकर लखनपुर हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रविवार को शव का पोस्टमॉर्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया गया है। सोमवार को पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल पर जांच की। टुल्लू पंप को चालू करने के लिए खुले तार का हुक बनाया गया था। तार जोडऩे के दौरान संभवत: पद्मा का हाथ खुले तार में टच हो गया और उसे करंट का झटका लगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur