बैकुण्ठपुर 2 फरवरी 2022 (घटती-घटना)। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की समय 15 फरवरी तक वृद्धि एवं असमय बारिश से फसल मुआवजा शीघ्र प्रदान करने व अन्य मांगो को लेकर भाजपा किसान मोर्चा छत्तीसगढ़ प्रदेशाध्यक्ष श्यामबिहारी जायसवाल के नेतृत्व में खड़गवां धान खरीदी केंद्र में 1 दिवसीय धरना प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री भपेश बघेल के नाम ज्ञापन तहसीलदार खड़गवां को सौपा गया।
भाजपा किसान मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष ने धान खरीदी स्थल खड़गवां में आयोजित 1 दिवसीय धरना प्रदर्शन में किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार के द्वारा धान खरीदी एक माह विलंब से प्रारंभ किया गया। जिससे राज्य सरकार के किसानों के प्रति उदासीनता की वजह से प्रदेश भर के किसान परेशान हैं। शासन द्वारा धान खरीदी हेतु मात्र 2 माह दिसंबर और जनवरी की समय सीमा नियत की गई है। जिसमें गत 28-29 दिसंबर और जनवरी के दूसरे सप्ताह में बेमौसम बारिश होने के कारण खरीदी प्रभावित हो गई है। जिससे प्रदेश भर के लगभग एक तिहाई से ज्यादा किसान अभी तक अपनी उपज की बिक्री नहीं कर पाए हैं। चूंकि धान खरीदी हेतु समय बहुत कम मात्र 7 दिन बचा है, ऐसी स्थिति में किसानों को धान बिक्री के लिए परेशान होना वाजिब है और उससे परेशान होकर किसान अपने धान को औने-पौने दर पर विक्रय करने हेतु मजबूर हो रहे हैं। किसानों की परेशानियों को दृष्टिगत रखते हुए किसान मोर्चा ने मुख्यमंत्री भपेश बघेल से मांग की है कि धान खरीदी की समय सीमा में 15 फरवरी तक वृद्धि किया जाए, साथ ही बेमौसम बारिश के कारण रबी फसलें चना, सरसों, लाख-लाखड़ी आदि को भारी नुकसान होने के कारण किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें व्याप्त हो गई है। राज्य सरकार भू राजस्व संहिता की धारा (6-4) के तहत राज्य सरकार प्रभावित किसानों को मुआवजा दिए जाने की तत्काल घोषणा करे एवं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों के क्षति का आंकलन करा कर मुआवजा दिलाने का कार्य किया जाए। चालू रबी फसल के लिए किसानों को यूरिया, डीएपी, पोटाश जैसे खाद के लिए भटकना पड़ रहा है सभी खादो की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का भी आग्रह करते है। उन्होंने आगे कहा कि भपेश सरकार द्वारा निर्धारित धान खरीदी नीति के अनुसार उपार्जन केन्द्रों से धान का उठाव समयावधि में नहीं हो रहा है। नियमानुसार बफर लिमिट से ज्यादा धान भंडारित होने पर 72 घंटे के अंदर परिवहन किए जाने की अनिवार्यता है। किंतु उसका पालन वर्तमान कांग्रेस सरकार द्वारा विगत 3 वर्षो से नहीं किया जा रहा है। जिसके कारण भारी शोर्टेज आने से सहकारी समितियों की आर्थिक स्थिति दिन प्रति दिन कमजोर होती जा रही है। सरकार को धान खरीदी नीति के अनुसार धान का उठाव किए जाने हेतु निर्देशित करने की मांग करते है। साथ ही कहा गया है कि उपरोक्त सभी मांग 3 दिवस के अंदर यदि राज्य सरकार पूर्ण नही करती है तो पूरे प्रदेश भर में भाजपा किसान मोर्चा पूरे प्रदेश में किसानों के साथ उग्र आंदोलन करेगी। इसके उपरांत अपनी मांगों का ज्ञापन खड़गवां तहसीलदार श्री खलखो को सौंपा गया। इस दौरान भाजपा किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष धर्मपाल सिंह, भाजपा महामंत्री रमेश जायसवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष धनंजय पांडेय, संजय सिंह, श्यामकार्तिक साहू, राजेश सिंह, द्वारिका जायसवाल, राजेन्द्र दास, पुष्पराज जायसवाल सहित काफी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता व किसान उपस्थित रहे।
पटना धान खरीदी केन्द्र
में धरने पर बैठे भाजपाई
भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा प्रदेश के आवाहन पर जिला कोरिया के जिला अध्यक्ष विनोद साहू के नेतृत्व में जिला के प्रत्येक धान खरीदी केंद्र में 1:00 बजे से 4:00 बजे तक प्रदर्शन किया गया पटना गिरजापुर धान खरीदी केंद्र मे भी धरना प्रदर्शन किया गया, जिसमें मुख्य रुप से उपस्थित भाजपा कोरिया के पूर्व जिला अध्यक्ष जवाहर लाल गुप्ता, उपाध्यक्ष रवि शंकर शर्मा, किसान मोर्चा उपाध्यक्ष अनिल जयसवाल, भाजपा नेता रितेश सिंह, किसान मोर्चा मन्त्री कामिनी राजवाड़े, जिला सदस्य सुनीता कूरे, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष विनोद राजवाड़े, प्रेम प्रकाश पांडे, सच्चिदानंद द्विवेदी, परमानन्द साहू, बिट्टू साहू एवं भारी संख्या में बीजेपी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur