Breaking News

नई दिल्ली@भारत नेपाल को देगा 24 हजार करोड़ की सहायता 8 समझौतों के साथ सरयू कमला एक्सप्रेस की शुरुआत

Share

नेपाल के बिना हमारे धाम और राम अधूरे : पीएम मोदी

नई दिल्ली,23 नवम्बर 2026। भारत बाढ़ से प्रभावित नेपाल को दीर्घकालिक विकास के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये की विकास सहायता पैकेज देगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के बीच गुरुवार को वार्ता के बाद दोनों नेताओं ने सरयू-कमला एक्सप्रेस रेल सेवा को हरी झंडी दिखाई। यह ट्रेन अयोध्या से जनकपुर (नेपाल) जाएगी। दोनों देशों ने साझा भविष्य को नई दिशा देने के लिए एक संयुक्त विजन डॉक्यूमेंट भी जारी किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह ‘विकसित भारत और समुन्नत नेपाल’ के अपने-अपने संकल्पों को पूरा करने का ब्लू-प्रिंट है। इसके अलावा बनबासा में नए आईसीपी (इंट्राक्लोजर कंट्रोल) और भैरहवा, सुनाउली और दोधारा चांदनी में आईसीपी के निर्माण में प्रगति की आधारशिला रखी गई। धारचूला (भारत) और दार्चुला (नेपाल) के बीच नए सीमा पार मोटर योग्य पुल का उद्घाटन किया गया। लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना (669 मेगावाट) की आधारशिला रखी। कार्यक्रम में मोतिहारी-अमलेखगंज पाइपलाइन के द्वितीय चरण का लोकार्पण किया गया। प्रस्तावित सिलीगुड़ी-झापा पेट्रोलियम पाइपलाइन के झापा स्थित पेट्रोलियम टर्मिनल की आधारशिला रखी गई। दोनों देशों के बीच 8 समझौता पर भी सहमति बनी है। यह समझौते अपराध जांच,पुलिस प्रशिक्षण,नौकरशाहों के क्षमता निर्माण कार्यक्रम,आयुर्वेद और परंपरागत औषधि के क्षेत्र में सहयोग, दक्षिण एशिया उपग्रह के उपयोग हेतु उपग्रह संचार (सैटकॉम) नेटवर्क की स्थापना,सतत शहरी विकास से जुड़े तकनीकी सहयोग,स्वास्थ्य एवं दवा क्षेत्र में सहयोग और पशुधन और मत्स्य पालन विकास के क्षेत्र में सहयोग से जुड़े हैं। बालेन शाह के भारत के पहले द्विपक्षीय दौरे को दोनों देशों की गहरी दोस्ती का प्रतीक बताते हुए मोदी ने साझा इतिहास,संस्कृति और आस्था का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भगवान राम और माता सीता भारत-नेपाल की साझा सभ्यता के प्रतीक हैं। 2018 में जनकपुर यात्रा को याद करते हुए मोदी ने कहा कि नेपाल के बिना हमारे धाम अधूरे हैं और नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे हैं। वहीं,नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने दोनों देशों के रिश्तों को नई ऊंचाई देने की बात कही। उन्होंने कहा कि नेपाल और भारत के रिश्ते हिमालय की तरह मजबूत और समुद्र की तरह विशाल हैं। दोनों देशों के लोग एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं।
नेपाल के बिना हमारा धाम भी अधूरा है…
मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच सिर्फ पड़ोसी देशों का रिश्ता नहीं है, बल्कि दोनों का इतिहास, संस्कृति और परंपराएं भी एक-दूसरे से जुड़ी हैं। दोनों देशों के लोगों के बीच सदियों पुराने रिश्ते हैं। उन्होंने 2018 में अपनी जनकपुर यात्रा को याद करते हुए कहा कि भारत और नेपाल का संबंध भगवान राम और माता सीता से भी जुड़ा है। जनकपुर को माता सीता की जन्मस्थली माना जाता है, जबकि अयोध्या भगवान राम की नगरी है। दोनों जगहों का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व एक-दूसरे से जुड़ा हुआ है। इसी रिश्ते का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा, ‘नेपाल के बिना हमारा धाम भी अधूरा है।’ उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के संबंधों की यही खासियत दोनों देशों को करीब लाती है।
भारत-नेपाल के बीच सड़क और सीमा संपर्क मजबूत होगा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच सड़क और सीमा संपर्क को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड और नेपाल के बीच धारचूला में सड़क पुल का उद्घाटन किया गया है। साथ ही बनबसा में एकीकृत जांच चौकी की आधारशिला रखी गई है। मोदी ने कहा कि इन परियोजनाओं से उत्तराखंड और नेपाल के बीच व्यापार और लोगों की आवाजाही आसान होगी। इसके अलावा बिहार और उत्तर प्रदेश समेत भारत के कई राज्यों को नेपाल से जोड़ने वाली सड़क, रेल और सीमा संपर्क परियोजनाओं को भी तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।
नेपाल को कांडला-पारादीप
बंदरगाहों तक पहुंच मिली

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत नेपाल को गुजरात के कांडला और ओडिशा के पारादीप बंदरगाहों तक पहुंच देगा। इससे नेपाल का दूसरे देशों के साथ व्यापार आसान होगा। उन्होंने कहा कि भारत के साथ बेहतर व्यापार और निवेश से नेपाल की अर्थव्यवस्था को नई ताकत मिलेगी।
पीएम मोदी-बालेन शाह ने सरयू कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई
प्रधानमंत्री मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने हरी झंडी दिखाकर सरयू कमला एक्सप्रेस को रवाना किया। इससे पहले दोनों नेताओं ने भारत और नेपाल के बीच सड़क,रेल और बिजली से जुड़ी कई अहम परियोजनाओं का उद्घाटन किया और कुछ नई परियोजनाओं की शुरुआत के लिए नींव रखी।
मोदी ने बालेन शाह को दिखाई पीएम गति शक्ति योजना की झलक
प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल के पीएम बालेन शाह को पीएम गति शक्ति योजना की जानकारी दी। इस योजना की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 अक्टूबर 2021 को की थी। इसका मकसद देश में बुनियादी ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं को बेहतर तालमेल के साथ पूरा करना है। नेपाल में भी कई बार एक बुनियादी ढांचा परियोजना का असर दूसरी परियोजना पर पड़ता है। नेपाल ने पहले भी भारत से इस योजना के बारे में जानकारी साझा करने की इच्छा जताई थी।


Share

Check Also

नई दिल्ली@गोधरा अग्निकांड के दोषी की सजा निलंबित…मेडिकल आधार पर सुप्रीम कोर्ट से जमानत,17 साल से जेल में,31 में 11 को अबतक जमानत

Share नई दिल्ली,23 नवम्बर 2026। सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को गोधरा ट्रेन अग्निकांड के दोषी …

Leave a Reply