Breaking News

अम्बिकापुर@बसों में किराये के नाम पर मनमानी,यात्रियों से 50 की जगह वसूले 70 रुपये

Share


चंद्रगढ़ चौक उतरने वाली दो महिला यात्रियों से महामाया रथ के एजेंट ने की अतिरिक्त वसूली

टिकट भी नहीं दिया…परिवहन विभाग की निगरानी पर उठे सवाल…


सुदामा राजवाड़े
अम्बिकापुर,22 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। अंबिकापुर-रामानुजगंज मार्ग पर यात्री बसों में किराये के नाम पर मनमानी वसूली का मामला सामने आया है। निर्धारित किराये से अधिक राशि मांगने और विरोध करने पर अभद्रता की शिकायतें यात्रियों की परेशानी बढ़ा रही हैं। ताजा मामला चंद्रगढ़ चौक तक सफर करने वाली दो महिला यात्रियों से जुड़ा है,जिनसे 50 रुपये की जगह 70-70 रुपये वसूले गए। हैरानी की बात यह है कि अतिरिक्त किराया लेने के बावजूद उन्हें टिकट भी नहीं दिया गया। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि बसों में किराया वसूली की निगरानी आखिर कौन कर रहा है?
एक ही रूट पर किराये का अलग-अलग हिसाब : मामला बीते गुरुवार का है। जानकारी के अनुसार,चंद्रगढ़ से अंबिकापुर आने के दौरान अम्बिका बस के नियमित कंडक्टर ने दो यात्रियों से 50-50 रुपये किराया लिया। वहीं वापसी में अंबिकापुर गांधी चौक से दोपहर करीब 3 बजे रामानुजगंज के लिए रवाना हुई महामाया रथ बस में चंद्रगढ़ चौक उतरने वाली दो महिला यात्रियों से एजेंट ने 70-70 रुपये वसूल लिए। यानी दोनों यात्रियों से कुल 140 रुपये लिए गए,जबकि इसी दूरी के लिए दूसरी बस में प्रति यात्री 50 रुपये किराया लिया गया था।
परिवहन विभाग की जांच पर सवाल : यदि परिवहन विभाग नियमित रूप से बसों में किराया वसूली की जांच करे और यात्रियों से सीधे जानकारी ले,तो इस तरह की मनमानी पर अंकुश लगाया जा सकता है। केवल किराया सूची चस्पा करने के निर्देश जारी करना पर्याप्त नहीं है। बस मालिकों की जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए कि उनके वाहनों में निर्धारित किराया ही लिया जाए और प्रत्येक यात्री को टिकट दिया जाए।
प्रमुख स्टॉपेज पर
रेट बोर्ड लगाने की मांग…

यात्रियों ने परिवहन विभाग से मांग की है कि रेलवे स्टेशनों की तर्ज पर प्रमुख बस स्टॉपेज पर आधिकारिक किराया सूची के बोर्ड लगाए जाएं। प्रत्येक 12 से 15 किलोमीटर के अंतराल पर आने वाले प्रमुख स्टॉपेज में किराया दरें प्रदर्शित हों। इसके अलावा सभी यात्री बसों में परिवहन विभाग का शिकायत एवं हेल्पलाइन नंबर अनिवार्य रूप से अंकित किया जाए,ताकि यात्री तत्काल शिकायत दर्ज करा सकें। इस संबंध में बलरामपुर जिला परिवहन अधिकारी यशवंत यादव से वास्तविक किराये की जानकारी लेने के लिए मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। अब देखना होगा कि विभाग इस मामले को संज्ञान में लेकर बसों में किराया वसूली की जांच करता है या यात्रियों की शिकायतें यूं ही अनसुनी होती रहेंगी।
अतिरिक्त किराया,टिकट भी गायब
यात्रियों के मुताबिक,किराये को लेकर सवाल करने पर एजेंट और परिचालकों का व्यवहार भी कई बार असहज करने वाला होता है। मजबूरी में सफर करने वाले ग्रामीण यात्री विवाद से बचने के लिए अतिरिक्त राशि देने को विवश हो जाते हैं। चंद्रगढ़ चौक की दोनों महिला यात्रियों से अधिक किराया लेने के बाद टिकट नहीं दिया जाना भी गंभीर सवाल खड़े करता है। बस में मौजूद नियमित कंडक्टर की चुप्पी ने इस पूरे मामले को और संदिग्ध बना दिया है।
किराया सूची बसों में,लेकिन यात्रियों को जानकारी नहीं
परिवहन विभाग द्वारा बसों में किराया सूची चस्पा करने के निर्देश दिए जाते हैं,लेकिन उनका पालन किस तरह हो रहा है,इसकी निगरानी पर सवाल हैं। कई बसों में किराया सूची इतनी छोटे अक्षरों में लगाई जाती है कि सामान्य यात्री के लिए उसे पढ़ पाना मुश्किल होता है। ऐसे में यात्री वास्तविक किराये की जानकारी के अभाव में एजेंटों की बताई रकम देने को मजबूर होते हैं।


Share

Check Also

जशपुरनगर@इस वर्ष 3 नए उपार्जन केंद्र बने,किसानों को मिलेगी सुविधा

Share समर्थन मूल्य पर धान बेचने जिले के 53,378 किसानों का हुआ है पंजीयन -संवाददाता-जशपुरनगर,22 …

Leave a Reply