बंधा चारपारा में वारदात,दरवाजे की बाहर से कुंडी लगाकर हुए फरार…महिला ने थाने में दिया आवेदन
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,22 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बंधा चारपारा में आधी रात कार सवार अज्ञात चोर घर में बंधी चार बकरियां चोरी कर फरार हो गए। घटना के दौरान चोरों ने घर के दरवाजे की बाहर से कुंडी लगा दी थी,जिससे बुजुर्ग महिला बाहर नहीं निकल सकी। पीडि़ता ने शनिवार को लखनपुर थाने पहुंचकर कार्रवाई के लिए आवेदन दिया है। जानकारी के अनुसार,रामेश्वरी पति स्व. शोभित ने अपने पक्के मकान के अंदर चार बकरियां बांध रखी थीं। रात में खाना खाने के बाद वह घर के बगल में सोने चली गई। रात करीब 3.30 बजे आवाज सुनकर उनकी नींद खुली। दरवाजा खोलने की कोशिश की तो बाहर से कुंडी लगी हुई थी। इस दौरान अज्ञात चोर चारों बकरियां लेकर कार से फरार हो गए। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग जागे और दरवाजे की कुंडी खोली। इसके बाद बकरियां चोरी होने की जानकारी सामने आई। महिला ने लखनपुर थाने में आवेदन दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। क्षेत्र में पहले भी बकरी चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur