कुलपति प्रो. राजेन्द्र लाकपाले ने दी जानकारी,केंद्र सरकार को भेजा गया प्रस्ताव,जनजातीय इतिहास,संस्कृति और साहित्य पर राष्ट्रीय संगोष्ठी संपन्न
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,22 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय में 118 करोड़ रुपये की लागत से भगवान बिरसा मुंडा पीठ स्थापित करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है। इसके साथ ही आगामी शैक्षणिक सत्र से विश्वविद्यालय में पीजी ट्राइबल स्टडीज पाठ्यक्रम शुरू किया जाएगा। यह जानकारी कुलपति प्रो. राजेन्द्र लाकपाले ने राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अंबिकापुर में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी के समापन समारोह में दी। 18 एवं 19 नवंबर को आयोजित इस संगोष्ठी का विषय ‘जनजातीय इतिहास, संस्कृति और साहित्य’ था। समापन समारोह में कुलपति प्रो. लाकपाले ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा, रानी दुर्गावती और राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह जैसे जनजातीय नायकों का संघर्ष देश के स्वाभिमान और स्वतंत्रता से जुड़ा रहा है। इनके योगदान को पाठ्यक्रम और शोध में समुचित स्थान मिलना चाहिए, ताकि नई पीढ़ी अपने इतिहास और विरासत पर गर्व कर सके। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित बिरसा मुंडा पीठ में जनजातीय इतिहास,दर्शन,संघर्ष और सामाजिक योगदान पर उच्चस्तरीय शोध किया जाएगा। पीजी ट्राइबल स्टडीज शुरू होने से सरगुजा क्षेत्र के विद्यार्थियों को जनजातीय अध्ययन के लिए बड़े शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा। संगोष्ठी में चार तकनीकी सत्रों और दो ऑनलाइन समानांतर सत्रों में करीब 65 शोधार्थियों ने शोधपत्र प्रस्तुत किए। इतिहास,संस्कृति,साहित्य और जनजातीय गौरव पर केंद्रित सत्रों में विशेषज्ञों ने जनजातीय समाज की पहचान,परंपराओं और ऐतिहासिक योगदान पर विचार रखे। डॉ. जनार्दन गौंड ने कहा कि जनजातीय भाषाओं और लोक परंपराओं के अध्ययन के बिना प्रामाणिक इतिहास लेखन संभव नहीं है। वहीं कवि एवं चित्रकार महेश वर्मा ने गोंडवानी, सोहराय और धनकुल गाथाओं को आदिवासी समाज की महत्वपूर्ण सांस्कृतिक धरोहर बताया। संगोष्ठी का उद्घाटन 18 नवंबर को महापौर मंजूषा भगत के मुख्य आतिथ्य में हुआ था। इस अवसर पर जनभागीदारी समिति अध्यक्ष मनोज गुप्ता और सेवानिवृत्त आईएएस एवं साहित्यकार डॉ. संजय अलंग उपस्थित रहे।
डॉ. अलंग ने कहा कि जनजातीय इतिहास उपेक्षा का नहीं,बल्कि स्वाभिमान और प्रतिरोध का इतिहास है। समापन समारोह की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार सिन्हा ने की। संयोजक सुनील अजीत कुमार केरकेट्टा ने संगोष्ठी का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। प्राचार्य ने भविष्य में भी ऐसे राष्ट्रीय स्तर के अकादमिक आयोजन जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई। संगोष्ठी में जनजातीय इतिहास को पाठ्यक्रम में उचित स्थान देने,लोकगीतों, मौखिक साहित्य और पारंपरिक ज्ञान के दस्तावेजीकरण पर जोर दिया गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur