कलेक्टर का सख्त फैसला : जांच पूरी होने तक डीईओ कार्यालय अटैच,संयुक्त जांच समिति गठित; ललित कुमार जाटवर को सौंपी गई अंबिकापुर बीईओ की जिम्मेदारी
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,06 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले के शिक्षा विभाग में लंबे समय से सामने आ रही भ्रष्टाचार,अनियमितता और मनमानी की शिकायतों के बीच जिला प्रशासन ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए अंबिकापुर के प्रभारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) प्रदीप कुमार राय को उनके पद से हटा दिया है। कलेक्टर सरगुजा के आदेश पर उन्हें जांच पूरी होने तक जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) कार्यालय अंबिकापुर से संबद्ध कर दिया गया है। वहीं उनके स्थान पर सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी ललित कुमार जाटवर को आगामी आदेश तक प्रभारी बीईओ अंबिकापुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कलेक्टर द्वारा 6 जुलाई 2026 को जारी आदेश के अनुसार,प्रदीप कुमार राय के विरुद्ध भ्रष्टाचार, प्रशासनिक अनियमितता, मनमानी और तानाशाही कार्यशैली से संबंधित कई शिकायतें प्राप्त हुई थीं। शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने का निर्णय लिया है।
डीईओ और उपसंचालक करेंगे संयुक्त जांच : शिकायतों की जांच के लिए जिला शिक्षा अधिकारी अंबिकापुर तथा जिला पंचायत सरगुजा की उपसंचालक ऋतु साहू की संयुक्त जांच समिति गठित की गई है। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष और तथ्यों के आधार पर होगी तथा रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सूत्रों के अनुसार,शिकायतों में कार्यालय संचालन, प्रशासनिक निर्णयों,कार्यप्रणाली तथा वित्तीय मामलों में कथित अनियमितताओं के आरोप शामिल हैं। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
लखनपुर कार्यकाल की शिकायतों का भी आदेश में उल्लेख : कलेक्टर के आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि प्रदीप कुमार राय के विरुद्ध इसी प्रकार की शिकायतें उनके लखनपुर विकासखंड शिक्षा अधिकारी के कार्यकाल के दौरान भी प्राप्त हुई थीं। बार-बार शिकायतें सामने आने और वर्तमान शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने उन्हें वर्तमान पद से हटाने का निर्णय लिया। प्रशासन का मानना है कि यदि जांच के दौरान संबंधित अधिकारी उसी पद पर बने रहते हैं तो निष्पक्ष जांच प्रभावित होने की आशंका हो सकती है। इसी कारण उन्हें अस्थायी रूप से डीईओ कार्यालय में अटैच किया गया है।
ललित कुमार जाटवर संभालेंगे बीईओ का प्रभारःकलेक्टर के आदेश के तहत सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी ललित कुमार जाटवर को तत्काल प्रभाव से अंबिकापुर विकासखंड के प्रभारी बीईओ का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वे आगामी आदेश तक इस दायित्व का निर्वहन करेंगे ताकि शिक्षा विभाग के प्रशासनिक कार्य प्रभावित न हों।
शिक्षा विभाग में चर्चा का विषय बनी कार्रवाई : प्रभारी बीईओ को पद से हटाने की इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में दिनभर इसकी चर्चा रही। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच इसे प्रशासन की सख्ती के रूप में देखा जा रहा है। लंबे समय से विभिन्न स्तरों पर शिकायतें सामने आने के बाद हुई इस कार्रवाई से यह संकेत भी माना जा रहा है कि जिला प्रशासन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जवाबदेही तय करने के पक्ष में है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur