मार्शल वाहन की टक्कर से मौके पर गई जान,चालक वाहन छोड़कर फरार…पुलिस जांच में जुटी
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,05 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा रेणुका नदी के पास स्थित राजवाड़े ढाबा के समीप रात करीब 10 बजे हुआ। तेज रफ्तार मार्शल वाहन ने सामने से आ रही अपाचे बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना में मृत युवक की पहचान मनोज गोंड (पिता- भीम गोंड), निवासी ग्राम रनहत, थाना प्रतापपुर के रूप में हुई है। हादसे के दौरान उसके सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मार्शल वाहन में चालक सहित कुछ अन्य लोग भी सवार थे और सभी के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। दुर्घटना के बाद चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। आरक्षक रामकुमार यादव एवं वाहन चालक ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवाया गया। रविवार सुबह परिजनों के पहुंचने पर मृतक की शिनाख्त की गई। इसके बाद परिजनों की रिपोर्ट पर लखनपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मार्शल वाहन और अपाचे बाइक को जब्त कर लिया है। फरार चालक की तलाश जारी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है तथा चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur