
- छोटे खिलाड़ी गिरफ्तार,बड़े गायब
- छोटे फड़ पर कार्रवाई, बड़े जुआ नेटवर्क पर चुप्पी-सवालों के घेरे में पुलिस
- खबर के बाद दिखी ‘सख्ती’, लेकिन बड़े जुआ अड्डे अब भी सुरक्षित?
- छोटे जुआरियों पर शिकंजा,बड़े नेटवर्क को संरक्षण? पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
- घुटरा जंगल में रेड,5 गिरफ्तार — लेकिन बड़े जुआ सिंडिकेट पर अब भी सन्नाटा
- खबर में पहले ही हुआ था खुलासा,अब कार्रवाई ने उठाए नए सवाल
- दोहरी रणनीति का आरोप — छोटे फड़ पर दबिश,
- बड़े नेटवर्क पर नहीं पहुंची पुलिस
- 57 हजार की जब्ती,लेकिन बड़े खेल पर कोई असर नहीं
मनेंद्रगढ़,27 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। मनेंद्रगढ़ जिले में जुए के खिलाफ पुलिस की हालिया कार्रवाई ने जितने सवालों के जवाब दिए हैं, उससे कहीं ज्यादा नए सवाल खड़े कर दिए हैं, दैनिक घटती घटना द्वारा हाल ही में प्रकाशित खबर में जिस ‘दोहरी व्यवस्था’ और ‘सेटिंग आधारित जुआ नेटवर्क’ का जिक्र किया गया था, ताजा घटनाक्रम ने उसे और मजबूत कर दिया है,खबर में साफ तौर पर संकेत दिया गया था कि जिले में जुआ दो स्तरों पर संचालित हो रहा था एक छोटा,आसानी से पकड़ा जाने वाला फड़ और दूसरा बड़ा,संगठित और कथित तौर पर संरक्षण प्राप्त नेटवर्क,अब पुलिस की कार्रवाई ठीक उसी छोटे फड़ तक सीमित दिखाई दे रही है, जिससे पूरे मामले पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
घुटरा सलवा जंगल में छापा में 5 जुआरी गिरफ्तार
27 अप्रैल को मनेंद्रगढ़ कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घुटरा-सलवा जंगल में रेड कार्रवाई की, यह स्थान मुख्य मार्ग से लगभग एक किलोमीटर अंदर बताया गया, जहां लंबे समय से जुआ खेलने की सूचनाएं मिल रही थीं,पुलिस टीम ने इस बार रणनीति बदलते हुए ग्रामीण वेशभूषा में मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की, ताकि जुआरियों को शक न हो, जैसे ही टीम ने दबिश दी, वहां मौजूद लोगों को पकड़ लिया गया, इस कार्रवाई में कुल 5 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया,जिनकी पहचान इस प्रकार है संतोष कुमार सांडिल्य (32 वर्ष), निवेश कुमार खलखो (19 वर्ष), भानु सिंह गोंड (36 वर्ष), विवेक मिश्रा (27 वर्ष), दिलीप कुमार (26 वर्ष) ये सभी अलग-अलग इलाकों से जुड़े बताए जा रहे हैं, जिससे यह संकेत मिलता है कि जुए का नेटवर्क केवल एक गांव तक सीमित नहीं है।
खबर का असर या पहले से तय पटकथा?
इस पूरे घटनाक्रम का सबसे अहम पहलू यह है कि यह कार्रवाई ठीक उस खबर के बाद हुई, जिसमें जुए के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया गया था, खबर में पहले ही यह दावा किया गया था कि जुआ दो अलग-अलग जगहों पर चल रहा है, छोटे फड़ पर कभी भी कार्रवाई हो सकती है, बड़े नेटवर्क को संरक्षण प्राप्त है, पुलिस की भूमिका पर सवाल उठ सकते हैं, अब जो कार्रवाई सामने आई है, वह इन दावों से मेल खाती नजर आ रही है। यही वजह है कि लोग इसे ‘खबर के दबाव में की गई औपचारिक कार्रवाई’ के तौर पर देख रहे हैं।
जमीनी सच्चाई ये है की छोटे पर कार्रवाई,बड़े पर चुप्पी
लेकिन जमीनी स्तर पर जो तस्वीर उभर रही है, वह पुलिस के दावों से मेल नहीं खाती, कार्रवाई केवल छोटे फड़ तक सीमित, सीमित संख्या में गिरफ्तारियां, बड़े नेटवर्क पर कोई असर नहीं, यह स्थिति यह संकेत देती है कि या तो पुलिस की रणनीति अधूरी है, या फिर कार्रवाई चयनात्मक तरीके से की जा रही है।
जब्ती की कहानी सीमित रकम,सीमित दायरा
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 57,000 नगद, 4 ताश की गड्डियां,1 तिरपाल जब्त किए हैं, इसके साथ ही आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई, हालांकि जब्ती की यह राशि और सामग्री इस बात की ओर इशारा करती है कि यह कोई बड़ा या संगठित जुआ अड्डा नहीं था, बल्कि एक सीमित स्तर का फड़ था।
बड़े जुआ नेटवर्क पर सवाल बरकरार
स्थानीय सूत्रों और जानकारों का कहना है कि जिले में लंबे समय से बड़े स्तर पर जुआ संचालित हो रहा है, इसमें बाहरी जिलों और राज्यों के लोग भी शामिल रहते हैं, नेटवर्क लगातार अपनी लोकेशन बदलता है, सूचना तंत्र इतना मजबूत है कि बड़े अड्डों तक पहुंच पाना आसान नहीं होता इसके बावजूद अब तक किसी बड़े जुआ अड्डे पर ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है, यही कारण है कि यह सवाल बार-बार उठ रहा है कि क्या पुलिस को बड़े नेटवर्क की जानकारी नहीं है? या फिर जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई नहीं की जा रही?
पुलिस का दावा लगातार चल रहे अभियान
पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि आईजी सरगुजा रेंज और एसपी एमसीबी के निर्देश पर जुआ-सट्टा के खिलाफ अभियान चल रहा है, कोतवाली थाना और साइबर सेल की टीम लगातार सक्रिय है, मुखबिर तंत्र के माध्यम से सूचनाएं जुटाई जा रही हैं, आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि वे अवैध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
विश्वसनीयता का संकट
इस तरह की कार्रवाइयों से सबसे बड़ा नुकसान पुलिस की विश्वसनीयता को होता है,जब जनता को यह महसूस होने लगता है कि बड़े अपराधी बच रहे हैं, छोटे लोगों पर ही कार्रवाई हो रही है तो कानून व्यवस्था पर भरोसा कमजोर पड़ने लगता है।
क्या आगे होगी बड़ी कार्रवाई? अब पूरा मामला इस बात पर टिका है कि…
क्या पुलिस आने वाले समय में बड़े जुआ नेटवर्क पर कार्रवाई करेगी?
क्या इस नेटवर्क के पीछे मौजूद असली संचालकों तक पहुंच बनाई जाएगी?
या फिर कार्रवाई का दायरा यहीं तक सीमित रहेगा?
असली परीक्षा अभी बाकी…
घुटरा जंगल में हुई यह कार्रवाई अपने आप में एक कदम जरूर है,लेकिन इसे निर्णायक नहीं कहा जा सकता, जब तक बड़े और संगठित जुआ नेटवर्क पर ठोस और पारदर्शी कार्रवाई नहीं होती,तब तक ऐसे छापे केवल ‘दिखावटी सख्ती’ के रूप में ही देखे जाएंगे, मनेंद्रगढ़ में जुए के खिलाफ असली लड़ाई अभी बाकी है-और इस लड़ाई में पुलिस की नीयत, रणनीति और पारदर्शिता ही उसकी सफलता तय करेगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur