अब मुझे भाजपा के शपथ ग्रहण में आना है : पीएम मोदी
बैरकपुर,27 अपै्रल 2026। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि बैरकपुर की ऐतिहासिक धरती जिसने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम को प्रेरणा दी थी, अब बंगाल में परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त करेगी। प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल के बैरकपुर में विजय संकल्प सभा को सबोधित करते हुए राज्य में बड़े बदलाव का दावा किया। उन्होंने कहा,‘बंगाल की सेवा करना, उसे सुरक्षित करना और बड़ी चुनौतियों से बचाना मेरे लिए भाग्य भी है और दायित्व भी और मैं इससे पीछे नहीं हटूंगा।’ उन्होंने रैली को इस चुनाव की अपनी अंतिम सभा बताते हुए कहा कि वे पूरे विश्वास के साथ लौट रहे हैं कि 4 मई के बाद उन्हें भाजपा के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए फिर आना होगा। प्रधानमंत्री ने तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि राज्य में रोजगार देने वाली मिलें बंद हो रही हैं, जबकि गुंडों को रोजगार देने वाली कच्चे बम की फैक्टि्रयां फल-फूल रही हैं। उन्होंने दावा किया कि बैरकपुर औद्योगिक क्षेत्र में पिछले कुछ महीनों में करीब एक दर्जन जूट मिलें बंद हुई हैं। उन्होंने कहा,‘एक ओर रोजगार देने वाली मिलें बंद हो रही हैं,दूसरी ओर बम फैक्टि्रयां और तृणमूल कांग्रेस के सिंडिकेट का विस्तार हो रहा है,यही तृणमूल का महाजंगल राज है।‘उन्होंने कहा कि तृणमूल की राजनीति केवल गाली, धमकी और झूठ फैलाने तक सीमित रह गई है और उसके नेताओं ने अपने 15 वर्षों के शासन का कोई हिसाब नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल ने ‘मां, माटी, मानुष’ के अपने ही नारे को भुला दिया है और महिलाओं, किसानों तथा युवाओं के लिए कुछ नहीं किया।
कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग का लाभ मिलेगा
4 मई के बाद रोजगार से जुड़े पांच बड़े कदमों की घोषणा करते हुए कहा कि सरकारी भर्तियां पारदर्शी तरीके से समय पर होंगी, खाली पद भरे जाएंगे और कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही क्रिएटिव इकोनॉमी को बढ़ावा, गांवों में 125 दिन के रोजगार की गारंटी और शहरों में स्ट्रीट वेंडर्स को योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने कोलकाता को लेकर भी तृणमूल पर निशाना साधते हुए कहा कि शहर को लंदन बनाने का वादा किया गया था, लेकिन 15 वर्षों में उसकी पहचान बदल दी गई और घुसपैठियों को बसाया गया। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे कोलकाता की पहचान को बचाने के लिए एकजुट हों। प्रधानमंत्री ने ‘अंग, बंग और कलिंग’ का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार और ओडिशा में भाजपा को समर्थन मिल चुका है और अब बंगाल की बारी है। उन्होंने ‘वंदे मातरम्’ को 21वीं सदी में बंगाल के नव-निर्माण का मंत्र बताते हुए राज्य के विकास को विकसित भारत के लक्ष्य के लिए आवश्यक बताया।
पीएम मोदी बोले…बंगाल
बदलाव की ओर बढ़ रहा है…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत की प्रगति,संस्कृति और आजादी में बंगाल के बेटों-बेटियों की बड़ी भूमिका रही है। यहां पास ही ऋषि बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय का घर है। जिन्होंने ‘वंदे मातरम की रचना की थी। यह एक अद्भुत संयोग है कि ‘वंदे मातरम’ के 150 साल पूरे हो रहे हैं और बंगाल एक ऐतिहासिक बदलाव की ओर बढ़ रहा है। बंगाल भाजपा सरकार महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान 21 हजार रुपए की मदद देगी। बेटियों को सरकारी नौकरी में 33′ आरक्षण मिलेगा। मोदी ने गरीब परिवार की बहन और बेटियों के लिए मुफ्त इलाज और अनाज की सुविधा दी है। भाजपा की पहली कैबिनेट मीटिंग में आयुष्मान भारत योजना को लागू करने का निर्णय लिया जाएगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur