
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,27 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। भाजपा प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर सोमवार शाम संकल्प भवन स्थित भाजपा कार्यालय अंबिकापुर में जन आक्रोश महिला सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महापौर मंजूषा भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह तथा प्रदेश प्रभारी दिव्या सिंह सिसोदिया विशेष रूप से उपस्थित रहीं। सम्मेलन के बाद भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष शुभांगी बिहाडे के नेतृत्व में स्थानीय घड़ी चौक पर नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक का विरोध करने का आरोप लगाते हुए राहुल गांधी का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया गया। महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि नारी शक्ति वंदन विधेयक महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है और इसका विरोध महिलाओं के सम्मान का अपमान है। उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह ने कहा कि यह विधेयक महिलाओं को विधायिका में 33 प्रतिशत आरक्षण देकर सशक्त करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का विरोध महिलाओं के अधिकारों पर प्रहार है। प्रदेश प्रभारी दिव्या सिंह सिसोदिया ने कहा कि जन आक्रोश महिला सम्मेलन के माध्यम से भाजपा महिला मोर्चा महिलाओं के सम्मान के लिए आवाज बुलंद कर रहा है। जिला अध्यक्ष शुभांगी बिहाडे ने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा संगठन इस विधेयक के समर्थन में एकजुट है और पुतला दहन के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया गया है कि महिलाओं का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन प्रियंका चौबे एवं नीलू गुप्ता ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला मोर्चा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur