Breaking News

सूरजपुर/एमसीबी,@ साइबर सुरक्षा या जुए का सॉफ्टवेयर?

Share


सूरजपुर में ‘डिजिटल संरक्षण’ का खुला खेल!
दैनिक घटती-घटना के खुलासों के बाद हिली कुर्सियां… लाइन हाजिर हुए ‘टेक्निकल महारथी’,अब एमसीबी में भी वही कहानी दोहराने की तैयारी?
जंगल से शुरू हुई कहानी,वीडियो से बढ़ा बवाल और अब साइबर टीम
तक पहुंची आंच-खुलासों के बाद भी सिस्टम ‘अपडेट’ या सिर्फ ‘रीस्टार्ट’?
जंगल से साइबर तक जुआ कांड में खुलती परतें,सिस्टम फिर कटघरे में…
खबरों का असर : जुए से जुड़ी साइबर ‘सेवा’ पर कार्रवाई,पर सवाल कायम
सूरजपुर जुआ कांड वीडियो के बाद हिली कुर्सियां,साइबर टीम पर गिरी गाज
डिजिटल सुरक्षा के नाम पर जुए का संरक्षण,खुलासे के बाद बदली साइबर टीम
जब रक्षक ही बन गए संरक्षक तब साइबर टीम पर कार्रवाई
सूरजपुर में साइबर का ‘सिस्टम हैंग’,जुआ फड़ चलता रहा
खबर का असर जुए की ‘ऑनलाइन सेटिंग’ करने वाली टीम लाइन हाजिर
साइबर टीम की ‘स्पेशल सर्विस’ः अपराधियों को मिला डिजिटल संरक्षण
डिजिटल युग की नई पुलिसिंगः साइबर टीम बनी जुए की गारंटी!


-ओंकार पाण्डेय-
सूरजपुर/एमसीबी,24 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)।
सूरजपुर में जुए के कथित साम्राज्य की कहानी अब किसी फिल्म की स्कि्रप्ट जैसी लगने लगी है पहले जंगल में फड़,फिर वायरल वीडियो, फिर निलंबन,और अब साइबर टीम पर कार्रवाई, दैनिक घटती-घटना की लगातार खबरों ने जिस ‘खुले रहस्य’ को उजागर किया,उस पर आखिरकार पुलिस विभाग को हरकत में आना पड़ा, लेकिन सवाल वही पुराना है क्या यह कार्रवाई सच में सफाई है या सिर्फ धूल को एक कोने से दूसरे कोने में सरकाया जा रहा है? सूरजपुर में इन दिनों अगर कोई सबसे ज्यादा ‘एक्टिव’ था, तो वह अपराधी नहीं, बल्कि उन्हें संरक्षण देने वाला सिस्टम था, और इस सिस्टम का सबसे चमकदार, सबसे ‘अपडेटेड’ हिस्सा था—साइबर टीम। जी हां, वही साइबर टीम, जिसका काम था डिजिटल अपराधों पर लगाम लगाना, ऑनलाइन फ्रॉड पकड़ना, और थानों को तकनीकी सहायता देना, लेकिन यहां कहानी कुछ और ही लिखी जा रही थी जहां ‘साइबर’ का मतलब कंप्यूटर नहीं, बल्कि ‘कलेक्शन मैनेजमेंट’ हो गया था,दैनिक घटती-घटना ने जब इस पूरे खेल पर से पर्दा उठाना शुरू किया, तो धीरे-धीरे साफ हुआ कि मामला सिर्फ एक-दो जुआ फड़ों का नहीं, बल्कि पूरे ‘डिजिटल संरक्षण नेटवर्क’ का है, और इस नेटवर्क का कथित मास्टरमाइंड था—शमशेर खान, जो शायद टेक्नोलॉजी का इतना बड़ा ज्ञाता नहीं था, लेकिन सिस्टम को ‘हैक’ करने में माहिर जरूर था।
जंगल में जुआ : शुरुआत वहीं से जहां ‘कानून’ छुट्टी पर था…
6 अप्रैल की खबर में कुमेली जंगल का जिक्र आया,जहां जुए का ऐसा दरबार सजता था, मानो यह कोई लोकल मेला हो, फर्क सिर्फ इतना था कि यहां झूले नहीं, बल्कि ताश के पत्ते उड़ते थे और खिलौनों की जगह लाखों रुपये दांव पर लगते थे, खबर में बताया गया कि घंटों तक खेल चलता था, और किसी को कोई डर नहीं था, यह आत्मविश्वास देखकर आम आदमी सोच में पड़ गया की क्या कानून वाकई जंगल में खो गया था या उसे रास्ता ही नहीं दिखाया गया?
अब साइबर टीम पर गिरी गाजः ‘टेक्निकल’ से ‘टैक्टिकल’ तक…
ताजा घटनाक्रम में साइबर टीम पर कार्रवाई ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है, जिस टीम का काम था अपराध पकड़ना, उसी पर आरोप लगा कि वह ‘अपराध मैनेजमेंट’ में व्यस्त थी, साइबर प्रभारी सहित कई आरक्षक लाइन हाजिर कर दिए गए, यह वही टीम है, जिसके बारे में पहले कहा जा रहा था कि वह थानों की मदद के बजाय ‘खास नेटवर्क’ को मदद कर रही है।
सवाल बड़ा है : मदद कर रहे थे या मैनेज?
साइबर टीम की भूमिका हमेशा से तकनीकी सहयोग की रही है, लेकिन इस मामले में सवाल यह उठ रहा है कि क्या टीम सिर्फ जानकारी जुटा रही थी, या जानकारी का ‘उपयोग’ भी तय कर रही थी? अगर मदद थानों को नहीं मिल रही थी, तो आखिर किसे मिल रही थी? यह वही सवाल है, जिसका जवाब अभी भी ‘लोडिंग…’ में है।
पुरानी खबरें अब ‘भविष्यवाणी’ जैसी क्यों लग रही हैं?
जब 6 और 7 अप्रैल को खबरें छपी थीं, तब कई लोगों ने इसे सामान्य रिपोर्टिंग समझा, लेकिन अब वही खबरें एक-एक कर सच होती नजर आ रही हैं जंगल में जुआ, नेटवर्क की बात, वर्दी की मौजूदगी, कार्रवाई की कमी और अब साइबर टीम तक पहुंचती जांच यह सब देखकर लगता है कि खबर नहीं, पूरी ‘स्कि्रप्ट’ पहले ही लिख दी गई थी।
जब साइबर टीम बनी ‘स्पेशल प्रोटेक्शन फोर्स’
आम तौर पर पुलिस विभाग में साइबर टीम का काम होता है थानों को तकनीकी मदद देना, जैसे मोबाइल लोकेशन ट्रैक करना, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की जांच करना, सोशल मीडिया पर निगरानी रखना आदि, लेकिन सूरजपुर में इस टीम ने अपने काम का ‘अपग्रेडेड वर्जन’ लॉन्च कर दिया था, यहां साइबर टीम सिर्फ मदद नहीं कर रही थी, बल्कि ‘मैदान में उतरकर’ जुए के फड़ को भी तकनीकी और गैर-तकनीकी संरक्षण दे रही थी, ऐसा लग रहा था जैसे कोई स्टार्टअप चल रहा हो जहां हर सदस्य की भूमिका तय थी, और लक्ष्य था ‘अवैध कारोबार को सुरक्षित और सुचारू रूप से चलाना। ‘
वीडियो…फोटो और फिर हड़कंप
दैनिक घटती घटना ने जब लगातार खबरें प्रकाशित करनी शुरू कीं, तो शुरुआत में शायद किसी ने इसे गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन जैसे-जैसे वीडियो और फोटो सामने आते गए, वैसे-वैसे यह मामला ‘सिर्फ अफवाह’ से निकलकर ‘ठोस साक्ष्य’ में बदल गया, वीडियो में साफ दिख रहा था कि जुआ फड़ खुलेआम चल रहा है, और इससे भी ज्यादा दिलचस्प बात यह थी कि इस पूरे खेल में किसी को कोई डर नहीं था, मानो सभी को विश्वास हो कि ‘ऊपर तक सेटिंग है, अब यह ‘ऊपर’ कौन था, यह तो जांच का विषय है,लेकिन नीचे वालों का आत्मविश्वास देखने लायक था।
लाइन हाजिर : कार्रवाई या औपचारिकता?
जब मामला ज्यादा गर्म हो गया, तो आखिरकार पुलिस विभाग ने अपनी ‘क्लासिक कार्रवाई’ का सहारा लिया, लाइन हाजिर। साइबर टीम के प्रभारी राकेश यादव सहित विकास पटेल, महेंद्र सिंह और उदय को लाइन हाजिर कर दिया गया, अब लाइन हाजिर पुलिस विभाग का वह जादुई शब्द है, जिससे आम जनता को लगता है कि बहुत बड़ी कार्रवाई हो गई है, लेकिन अंदरखाने की बात यह है कि कई बार यह सिर्फ ‘ठंडा करने वाला इंजेक्शन’ होता है, और यहां तो चर्चा यह भी है कि जिनमें से कुछ पहले से ही लाइन में थे, लेकिन उनका ‘नेटवर्क’ इतना मजबूत था कि लाइन में रहते हुए भी ‘ऑनलाइन’ बने हुए थे, यानी, फाइल में लाइन हाजिर और मैदान में एक्टिव!
‘न बंद हुआ, न बंद होगा’खुलेआम चुनौती
7 अप्रैल की खबर में जुए के नेटवर्क की ‘हिम्मत’ भी सामने आई, खबर का लहजा ही बता रहा था कि यह कोई छुपा हुआ खेल नहीं, बल्कि खुलेआम चल रहा कारोबार है, जंगल में बैठे खिलाड़ी जैसे यह संदेश दे रहे थे— ‘खबर छपे या वीडियो वायरल हो, खेल तो चलता रहेगा।’ और सच कहें तो उस समय तक सिस्टम का रवैया भी यही संकेत दे रहा था कि ‘देखेंगे… बाद में। ‘
वीडियो में वर्दीः जब कहानी ने लिया ट्विस्ट
पूरा मामला तब पलटा, जब वायरल वीडियो में एक वर्दीधारी का चेहरा नजर आया। अब तक जो बातें ‘अफवाह’ मानी जा रही थीं, वे अचानक ‘सबूत’ में बदल गईं, वीडियो ने जैसे ही सोशल मीडिया पर एंट्री ली, सिस्टम की नींद खुली, और वही सिस्टम, जो अब तक ‘अनजान’ बना हुआ था, अचानक सक्रिय हो गया—जैसे किसी ने रिमोट दबाकर उसे ऑन कर दिया हो।
पहली कार्रवाईः निलंबन का क्लासिक फॉर्मूला
वीडियो के बाद पुलिस विभाग ने अपने सबसे भरोसेमंद हथियार का इस्तेमाल किया—निलंबन, चालक आरक्षक और थाना प्रभारी पर कार्रवाई हुई, कागजों में यह बड़ी कार्रवाई थी, और जनता के लिए ‘पहला कदम।’ लेकिन अनुभवी लोग जानते हैं कि यह वही स्टेप है, जहां से असली कहानी शुरू होती है—खत्म नहीं।
क्राइम ब्रांच खत्म, साइबर ‘क्राइम पार्टनर’ बना?
छत्तीसगढ़ में पहले से ही क्राइम ब्रांच को भंग किया जा चुका है, इसके बाद उम्मीद थी कि साइबर टीम अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाएगी। लेकिन यहां तो भूमिका ही बदल गई, ऐसा लगने लगा कि साइबर टीम अब अपराधियों की ‘पार्टनर’ बन गई है। यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या यह सब पुलिस मुख्यालय के आदेशों के तहत हो रहा था, या फिर यह पूरी तरह स्थानीय स्तर पर ‘मैनेज’ किया जा रहा था? अगर यह सब बिना किसी लिखित आदेश के हो रहा था, तो यह और भी गंभीर मामला है, क्योंकि इसका मतलब है कि सिस्टम के अंदर ही एक समानांतर सिस्टम विकसित हो चुका है।
थानों की बेबसी और साइबर की ‘बदनामी’
डिजिटल युग में पुलिसिंग सिर्फ डंडे और गश्त से नहीं चलती, अब हर थाने को साइबर टीम की जरूरत होती है, लेकिन सूरजपुर में हालत उल्टी थी, यहां थानों को साइबर टीम से सहयोग नहीं मिल रहा था, बल्कि उल्टा यही टीम थानों की बदनामी का कारण बन रही थी, थाना प्रभारी जहां अपराध रोकने में लगे थे, वहीं साइबर टीम ‘अपराध प्रबंधन’ में व्यस्त थी, नतीजा यह हुआ कि आम जनता के बीच पुलिस की छवि धूमिल होती गई और अपराधियों का हौसला बढ़ता गया।
एमसीबी जिले में ‘सीक्वल’ की तैयारी
सूरजपुर में कार्रवाई के बाद अब कहानी एमसीबी जिले की ओर मुड़ गई है, यहां भी जंगलों में लाखों रुपये का जुआ फड़ संचालित होने की खबरें सामने आ रही हैं, सबसे दिलचस्प बात यह है कि यहां कोतवाली मनेन्द्रगढ़ के प्रभारी ही साइबर के भी प्रभारी हैं, यानी, एक ही व्यक्ति के पास दोनों जिम्मेदारियां हैं, अब इसे ‘कुशल प्रबंधन’ कहें या ‘सुविधाजनक व्यवस्था ‘, यह समझना मुश्किल है, लेकिन इसके बावजूद जुआ फड़ जारी है, तो सवाल उठना लाजिमी है की क्या यह ‘निगरानी की कमी’ है या ‘निगरानी का नया मॉडल ‘?
‘सुपर कॉप’ और सेटिंग का सिस्टम
एमसीबी जिले में एक प्रधान आरक्षक की चर्चा जोरों पर है, जिन्हें स्थानीय लोग ‘सुपर कॉप’ के नाम से जानते हैं, कहा जा रहा है कि जुए की सेटिंग इन्हीं के माध्यम से होती है, अब ‘सुपर कॉप’ शब्द सुनकर जहां आम जनता को उम्मीद होती है कि यह कोई ईमानदार और बहादुर अधिकारी होगा, वहीं यहां कहानी उलटी नजर आ रही है, बताया जा रहा है कि इस आरक्षक की पकड़ इतनी मजबूत है कि पूरे सरगुजा संभाग में इनका नेटवर्क फैला हुआ है, कोरिया जिले में तो इन्हें ‘घर-घर में पहचाना’ जाता है, और उनकी कार्यशैली इतनी चर्चित है कि उनका सर्विस रिकॉर्ड ही उनकी कहानी बयां कर देता है।
जुगाड़ की ताकत और सिस्टम की सच्चाई
इस पूरे मामले में सबसे दिलचस्प पहलू है—‘जुगाड़।’ कहा जा रहा है कि यह सुपर कॉप जशपुर से किसी खास जुगाड़ के तहत यहां पहुंचे थे, और वही जुगाड़ आज भी उनके काम आ रहा है, यह कहानी सिर्फ एक व्यक्ति की नहीं है, बल्कि पूरे सिस्टम की है, जहां योग्यता से ज्यादा महत्व ‘नेटवर्क’ को दिया जाता है, और नियमों से ज्यादा प्रभाव ‘संबंधों’ का होता है।
क्या सुधार संभव है या सिर्फ बदलाव का नाटक?
इस पूरे मामले के बाद यह सवाल उठना लाजिमी है कि क्या वाकई सुधार होगा, या यह सिर्फ ‘बदलाव का नाटक’ है? विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक साइबर टीम को स्पष्ट दिशा-निर्देश और जवाबदेही के साथ नहीं जोड़ा जाएगा, तब तक इस तरह की समस्याएं बनी रहेंगी, हर थाने में साइबर विशेषज्ञ की नियुक्ति होनी चाहिए, जो सीधे थाना प्रभारी के अधीन काम करे। इससे न सिर्फ समन्वय बेहतर होगा, बल्कि जवाबदेही भी तय होगी।
सिस्टम अपडेट होगा या फिर ‘हैंग’ ही रहेगा?
सूरजपुर से लेकर एमसीबी तक फैली इस कहानी ने यह साफ कर दिया है कि समस्या सिर्फ एक जिले या एक टीम की नहीं है, यह पूरे सिस्टम की खामी है, दैनिक घटती-घटना ने जिस तरह इस मुद्दे को उठाया है, वह काबिल-ए-तारीफ है। लेकिन असली परीक्षा अब पुलिस विभाग की है—क्या वह इस मौके को सुधार के रूप में लेगा, या फिर कुछ दिनों बाद सब कुछ पहले जैसा ही हो जाएगा? फिलहाल जनता यही उम्मीद कर रही है कि इस बार सिस्टम सिर्फ ‘रीस्टार्ट’ नहीं, बल्कि ‘अपग्रेड’ होगा। वरना अपराधी तो पहले से ही ‘हाई-स्पीड इंटरनेट’ पर काम कर रहे हैं,और पुलिस अभी भी ‘बफरिंग’ में अटकी हुई है।
खबर का असर हुआ…अब असर का असर दिखना बाकी
दैनिक घटती-घटना की लगातार रिपोर्टिंग ने एक बड़े नेटवर्क को उजागर किया है, कार्रवाई भी हुई है, चेहरे भी बदले हैं, और फाइलें भी चली हैं, लेकिन असली बदलाव तब माना जाएगा, जब जंगल में जुआ नहीं, कानून चले साइबर टीम सवालों में नहीं, समाधान में दिखे और सिस्टम सिर्फ कागजों में नहीं, जमीन पर भी काम करे फिलहाल, कहानी जारी है… और जनता अगला ‘एपिसोड’ देखने का इंतजार कर रही है।


Share

Check Also

राजपुर@ उत्कृष्ट पार्षद के लिए नवीन सर्व सोनार समाज ने किया पार्षद विशवास का सम्मान

Share राजपुर,24 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। नवीन सर्व सोनार समाज राजपुर द्वारा निर्दलीय निर्वाचित वार्ड पार्षद …

Leave a Reply