Breaking News

अंबिकापुर@पार्ट टाइम जॉब पाने के चक्कर में एसईसीएल कर्मचारी हुआ 65 हजार रुपए ठगी का शिकार

Share


अंबिकापुर, 11 नवम्बर 2024 (घटती-घटना)। पार्ट टाइम जॉब पाने के चक्कर में एसईसीएल कर्मचारी 65 हजार रुपए ठगी का शिकार हो गया। पीडि़त ने मामले की रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
अदुल रशिद अंसारी कोतवाली थाना क्षेत्र के इमलीपारा का रहने वाला है और एसईसीएल बिश्रामपुर में केटेगरी-1 के पद पर कार्यरत है। 28 मई को इसके मोबाइल पर पार्ट टाइम जॉब से संबंधित व्हाट्सअप पर मैसेज आया था। मैसेज को देखने के बाद वह पार्ट टाइम जॉब करने के लिए व्हाटसअप नम्बर पर मैसेज भेज दिया। इसके बाद उसके मोबाइल पर नीता रानी गुप्ता नाम के टेलीग्राम ग्रुप से संपर्क करके एक एकाउंट बनाकर स्क्रीन शॉट भेजा गया और शुरूआत में दिए गए 5 टास्क को पूरा करने पर एसईसीएल कर्मी के नाम पर बनाए गए एकाउंट में 400 रुपये का प्राफिट दिखाया। 6 से 10 टास्क में फिर से 400 रुपये प्राफिट दिखाया गया। इसके बाद शातिरों ने मैसेज भेजकर बताया कि अगला टास्क पूरा करने के लिए आपको 5000 रुपये डिपाजिट करना पड़ेगा और टास्क पूरा होने के बाद 6500 रुपये मिलेगा। ठग द्वारा दिए गए कोटक महिन्द्रा बैंक के एकाउंट नंबर में फोन पे के माध्यम से एसईसीएल के कर्मचारी ने 5000 रुपये डाल दिए। पुन: टास्क के दूसरे स्टेज के लिए 20 हजार रुपये की मांग की गई, जिसका प्राफिट 25 हजार रुपये मिलने का संदेश भेजा गया। एसईसीएल कर्मी ने एक्सिस बैंक के दिए गए एकाउंट नंबर में गुगल पे के माध्यम से 20 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिया।

एकाउंट फ्रिज होने का दिया झांसा
20 हजार भेजने के बाद मैसेज आया कि आपका एकाउंट फ्रिज हो गया है, एकाउंट खुलवाने और अपना पैसा वापस लेने के लिए उन्हे 40 हजार रुपये डिपाजिट करना पड़ेगा। एसईसीएल कर्मी रुपये वापस प्राप्त करने के लिए बदलकर दिए गए फेडरल बैंक के एकाउंट नंबर में 40 हजार रुपये गुगल पे के माध्यम से भेज दिया। इसके बाद ठग ने खाता अनफ्रिज नहीं होने का संदेश भेजकर 80 हजार रुपये दिए गए खाता नम्बर पर डालने के लिए कहा। भरोसा दिलाया गया कि इसके बाद पूरा पैसा वापस मिल जाएगा। 65 हजार रुपये गवां चुके एसईसीएल के कर्मचारी ने ठगी का एहसास होने पर मामले की रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


Share

Check Also

मनेंद्रगढ़@ आदेश का तेल निकल गया या ड्रमों में चला गया?

Share प्रशासन बोला…पेट्रोल-डीजल सिर्फ वाहनों में,तस्वीर बोली…साहब! फिर ये ड्रम किस खुशी में खड़े हैं?फरमानिया …

Leave a Reply