इस फॉर्मूले पर बनी सहमति; चंद्रबाबू नायडू ने किया बड़ा दावा
नायडू ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की तारीफ की
दूसरे दौर की बातचीत में लगी गठबंधन पर मुहर
टीडीपी 17 लोकसभा सीटों पर लड़ेगी चुनाव
नई दिल्ली,09 मार्च 2024 (ए)। आगामी लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर भाजपा सभी संभावनाएं तलाश रही है, ताकि एनडीए 400 और अकेले पार्टी को 370 सीटें मिल सकें। इसके लिए भाजपा उत्तर से लेकर दक्षिण और पूरब से लेकर पश्चिम तक अपने आपको मजबूत कर रही है। इसी कड़ी में आंध्र प्रदेश में भाजपा, टीडीपी और जन सेना ने गठबंधन करने का फैसला किया है।
आंध्र प्रदेश पूर्व मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने शनिवार को कहा कि भाजपा, तेलुगु देशम पार्टी और जन सेना पार्टी के बीच आगामी लोकसभा और राज्य विधानसभा चुनावों के लिए गठबंधन बनाने पर सहमति बन गई है।
नायडू ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की तारीफ की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की तारीफ करते हुए नायडू ने कहा, आंध्र प्रदेश बुरी तरह नष्ट हो गया है। भाजपा और टीडीपी का एक साथ आना देश और राज्य के लिए जीत सुनिश्चित करेगा।” साथ ही उन्होंने सत्तारुढ़ वाईएसआर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि हमारा गठबंधन आंध्र प्रदेश में चुनाव जीतेगा।
दूसरे दौर की बातचीत में लगी गठबंधन पर मुहर
सूत्रों ने बताया कि शनिवार को दूसरे दौर की बातचीत के बाद तीनों दलों ने गठबंधन पर मुहर लगा दी। उन्होंने कहा कि भाजपा और जन सेना मिलकर आंध्र प्रदेश में लगभग आठ लोकसभा और 30 विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ सकते हैं।
टीडीपी 17 लोकसभा सीटों पर लड़ेगी चुनाव
सूत्रों के मुताबिक, टीडीपी शेष 17 लोकसभा सीट और 145 विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने बताया कि गठबंधन की आधिकारिक घोषणा जल्द की जाएगी। सूत्रों ने कहा कि भाजपा आंध्र प्रदेश की लगभग छह लोकसभा और इतनी ही संख्या में विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ सकती है।
बैठक में शाह, नड्डा और पवन कल्याण रहे मौजूद
बता दें कि टीडीपी सुप्रीमो चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और जन सेना पार्टी प्रमुख पवन कल्याण की दूसरे दौर की बातचीत में यह समझौता हुआ है। वहीं, आंध्र प्रदेश में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ होंगे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur